.
मकेश्वर वार्ड में आधी रात को हफ्ता वसूली और मारपीट का मामला सामने आया है, जिसमें राशि न देने पर भाजपा महिला पार्षद के पति से मारपीट की गई। इस घटना की शिकायत पर पुलिस ने 3 बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फूल व्यवसायी नंदकुमार लोधी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर की रात करीब 12.30 बजे जब वह अपने कर्मचारियों के साथ दुकान पर त्योहार के लिए फूल-मालाएं तैयार कर रहे थे, तभी बस्ती के कुछ युवक उसके घर पहुंचे। हफ्ता वसूली की मांग की। उस समय घर में पार्षद आशा लोधी और उनके बच्चे मौजूद थे।
आशा लोधी ने अपने पति नंदकुमार लोधी को इसकी जानकारी दी। नंदकुमार जैसे ही घर पहुंचे, युवकों ने उनसे रुपए की मांग की। इन्कार करने पर बदमाश वंश बघेल उर्फ गट्टू, हिरेन्द्र यादव और टिकू यादव ने नंदकुमार पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उन्हें नाली के कीचड़ में गिराकर पीटा, जिससे सिर, कमर और अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर किया। घटना में शामिल एक बदमाश सप्ताहभर पहले ही जेल से रिहा हुआ था। इस घटना से पहले भी इन आरोपियों ने वन विभाग के पास सड़क पर वाहनों को पत्थरों से रोककर अवैध वसूली की थी। इसके बाद वे बस्ती में आकर महिला पार्षद के घर पहुंचे और दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि त्योहारी सीजन के बावजूद क्षेत्र में पुलिस की पेट्रोलिंग नदारद है। मकेश्वर वार्ड में जगह-जगह अड्डेबाजी हो रही है। पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास बनिया तालाब क्षेत्र में देर-रात तक अराजक तत्व शराब पीते हुए नजर आते हैं।
<
