छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में आज भी बारिश का दौर जारी, रायपुर समेत 15 जिलों में 40-60 किमी रफ्तार से आंधी का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में आज (24 सितंबर) बारिश का दौर जारी रहेगा। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। एक-दो जगह भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। रायपुर समेत 15 जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

बुधवार को प्रदेश में बिजली गिरने की घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई। बालोद में खेत में काम कर रही महिला की मौत हुई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं। धमतरी के नगरी इलाके में देर रात गरज-चमक के बीच सड़क पर मौजूद चार लोगों पर अचानक बिजली गिर गई। इस हादसे में एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, वहीं तीनों घायलों का इलाज जारी है। कांकेर में खेत में पेड़ के नीचे बैठे किसान की जान चली गई। वहीं बेमेतरा में तालाब के पास पेड़ के नीचे खड़े दो मजदूरों की बिजली गिरने से मौत हो गई।

खराब मौसम को देखते हुए बस्तर जिले में 24 सितंबर को सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, खराब मौसम का असर हवाई सेवा पर भी पड़ा है। जगदलपुर से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट आज रद्द कर दी गई है। मौसम के बीच तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव में सबसे अधिक 32.5 डिग्री और पेंड्रा रोड में सबसे कम 21 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली के कुछ हिस्सों में 40-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवा के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है।

इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत कई जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की हवा के साथ गरज-चमक और बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के असर से आज 24 सितंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ में 24 और 25 सितंबर को बारिश बढ़ने के आसार हैं। अगले दो दिनों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

23 सितंबर को रायपुर में 10.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 25.8 डिग्री रहा। शाम को हवा की औसत रफ्तार 1 किमी प्रति घंटे और हवा में नमी 87% दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।

बस्तर में त्रैमासिक परीक्षा भी आगे बढ़ा दी गई है। 24 सितंबर को जिन विद्यार्थियों की त्रैमासिक परीक्षा निर्धारित थी, उन्हें भी अब उसी दिन नहीं देना होगा। आदेश के मुताबिक 24 सितंबर की त्रैमासिक परीक्षा का आयोजन त्रैमासिक परीक्षा समाप्ति के बाद आने वाले अगले शाला दिवस में किया जाएगा। यानी बारिश के कारण आज स्कूल बंद रहने के साथ परीक्षा दिन में भी बदलाव किया गया है। स्कूल प्रबंधन को आदेश के अनुसार स्टूडेंट्स और पेरेंट्स को जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग की चेतावनी के बीच लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है। निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर पर भी नजर रखने को कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button