Bilaspur Train accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी में टक्कर हो गई। भीषण हादसे में 10 लोगों की मौत की खबर है। मौके पर रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन किया। हालांकि, ये हादसा कैसे हुआ अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
Publish Date: Tue, 04 Nov 2025 04:49:18 PM (IST)
Updated Date: Tue, 04 Nov 2025 10:46:22 PM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बड़े हादसे (Bilaspur Train Accident) की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी की आपस में टक्कर हो गई है। तस्वीरों में साफ नजर आ रहा है कि पैसेंजर ट्रेन मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गई है। इस भीषण रेल हादसे में 10 लोगों की मौत की खबर है। घटना लालखदान सबवे से करीब तीन से चार किमी दूर कोरबा दिशा में हुई है। बता दें कि घायलों में महिला यात्रियों की संख्या अधिक है। 
लोको पायलट, असिस्टेंट लोको पायलट की स्थिति बेहद गंभीर
- इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की और से सभी हॉस्पिटल और डॉक्टर को सेवा के लिए बुलाया।
- मौके पर बिलासपुर के कई समाजसेवी संगठन भी पहुंचे।
- लोको पायलट, असिस्टेंट लोको पायलट और मालगाड़ी गार्ड की स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है।
- रेलवे केंद्रीय चिकित्सालय सहित बिलासपुर तोरवा के आसपास में लगातार पहुंच रहे एंबुलेंस और मरीज, अपोलो अस्पताल में भी भारी भीड़ है।
- घटनास्थल पर आम लोगों की भारी भीड़ आरपीएफ और पुलिस के जवान कर रहे है नाकाबंदी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर ट्वीट लिख दुख जताया है। उन्होंने लिखा, ‘बिलासपुर के पास ट्रेन दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद है। बिलासपुर जिला कलेक्टर से जानकारी लेकर उन्हें हरसंभव सहायता और राहत कार्य संबंधित निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर रख रही है।’

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। घायल लोगों को रेस्क्यू किया गया है। हालांकि, ये हादसा कैसे हुआ अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। इस घटना की विस्तृत जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (Commissioner of Railway Safety – CRS) स्तर पर कराई जाएगी, ताकि कारणों की समुचित जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। बिलासपुर रेलवे केंद्रीय चिकित्सालय में लगातार हादसे के शिकार यात्री पहुंचे। रेलवे केंद्रीय अस्पताल में अब तक 20 से अधिक एंबुलेंस पहुंची है।

रेलवे की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी
यात्रियों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए घटना के बाद दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। यात्री एवं उनके परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। रेल प्रशासन पूरी तत्परता से सहायता एवं समन्वय सुनिश्चित कर रहा है।

आपातकालीन संपर्क :
- बिलासपुर – 7777857335, 7869953330
- चांपा – 8085956528
- रायगढ़ – 9752485600
- पेंड्रा रोड – 8294730162
- कोरबा – 7869953330
राहत कार्य के लिए लाइटिंग की व्यवस्था नहीं

घटना स्थल पर रेलवे की बड़ी अव्यवस्था भी सामने आई। राहत कार्य के लिए शुरुआत में लाइटिंग की व्यवस्था नहीं कर सकी थी। घटनास्थल के आसपास अंधेरा भी था। इस वजह राहत कार्य मे परेशानी भी देखी गई। हालांकि बाद में व्यवस्था कर दी गई और फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
<
