![]()
बिलासपुर नगर निगम की सामान्य सभा
बिलासपुर नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक का एजेंडा जारी हो गया है। सभापति विनोद सोनी ने इस बैठक के लिए शासन को पत्र लिखा था। छह महीने के अंतराल के बाद होने वाली इस बैठक में हंगामे की स्थिति बन सकती है।
.
विपक्ष ने शहर की खराब सड़कों, सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की धीमी गति के मुद्दों पर महापौर पूजा विधानी को घेरने की योजना बनाई है। नगर निगम ने 37 सूत्रीय एजेंडा जारी किया है।
नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप ने कहा कि वे लंबे समय से बैठक की मांग कर रहे थे। जीएसटी दरों में कमी के लिए प्रधानमंत्री की बजाय राहुल गांधी धन्यवाद के पात्र हैं। उनका कहना है कि राहुल गांधी द्वारा मुद्दा उठाने के बाद ही प्रधानमंत्री को टैक्स दरें घटानी पड़ीं।
कश्यप ने निगम प्रशासन पर दिखावटी सफाई का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नेताओं के आगमन पर एक स्थान पर सफाई के लिए दूसरे वार्डों के कर्मचारियों को बुलाया जाता है। इससे अन्य वार्डों की सफाई प्रभावित होती है।
व्यापार विहार में आयोजित कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि कस्तूरबा नगर और गुरु घासीदास नगर समेत कई वार्डों में सफाई कर्मी नहीं पहुंचे। विपक्ष त्योहारी सीजन में खराब सड़कों और गंदगी का मुद्दा जोर-शोर से उठाएगा। साथ ही कांग्रेस पार्षद दल के लिए ग्राउंड फ्लोर में कक्ष आवंटन की मांग भी रखी जाएगी।
37 में 27 प्रस्ताव जाति प्रमाण पत्र के
6 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे पं. देवकीनंदन दीक्षित सभागृह में आयोजित सामान्य सभा के एजेंडे में कुल 37 प्रस्ताव शामिल हैं। इनमें से 27 प्रस्ताव अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्ग के प्रमाण पत्र से संबंधित हैं। इसके अलावा, केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी में छूट की घोषणा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद ज्ञापित करने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके साथ ही टेंडर मंजूरी और नामकरण से जुड़े अन्य प्रस्ताव भी सभा में प्रस्तुत किए जाएंगे।
जानिए कहां कितने करोड़ के कार्यों के टेंडर
कार्य – लागत (करोड़ रुपए में)
जीएसटी कार्यालय के पास शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण – 4.13
मंगला चौक से आजाद चौक तक रोड निर्माण – 3.68
स्वपोषित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण – 6.57
अटल पथ निर्माण (राम सेतु के पास) – 6.88
बिरकोना रोड निर्माण – 12.85
शहीदों की मूर्ति, प्रवेश द्वार सहित नामकरण के 6 प्रस्ताव एजेंडा में छह स्थानों के नामकरण के प्रस्ताव शामिल हैं। इनमें इंदिरा सेतु चौक पर राष्ट्रमाता जीजाबाई भोसले की प्रतिमा स्थापना और चौक का नामकरण शामिल है। जोन 3 की मल्टीलेवल पार्किंग का नाम समाजसेवी गंगाप्रसाद वाजपेयी के नाम करने का प्रस्ताव रखा गया है।
जोन 4 में तारबाहर इंदिरा कॉलोनी रोड पर शहीद अश्वनी प्रधान की प्रतिमा स्थापित करने और प्रवेश द्वार का नामकरण, साथ ही घोड़ादाना शासकीय प्राथमिक स्कूल का भी उनके नाम पर करने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा, तारबाहर चौक के पास स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस की मूर्ति स्थापना तथा अग्रसेन चौक से पुराने बस स्टैंड तक जाने वाली सड़क का नाम महाराजा अग्रसेन मार्ग रखने का प्रस्ताव एजेंडा में शामिल है।
पार्षद निधि डबल करने का प्रस्ताव बैठक में पार्षद निधि को वार्षिक 6 लाख रुपए से बढ़ाकर 12 लाख रुपए करने का प्रस्ताव रखा गया है। यह प्रस्ताव मेयर इन काउंसिल के सदस्य विजय ताम्रकार ने पेश किया। सामान्य सभा में इसे पारित किए जाने के बाद, इसे शासन को भेजा जाएगा।
प्रश्नों की लॉटरी 30 को निकलेगी निगम सचिव राजेंद्र अवस्थी ने सामान्य सभा के दौरान एक घंटे के प्रश्नकाल के लिए पार्षदों से अपने प्रश्न पीठासीन अधिकारी को भेजने का आग्रह किया है। प्रश्नों के क्रम निर्धारण के लिए लॉटरी 30 सितंबर को दोपहर 12 बजे दृष्टि सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी।
<
