नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू, अरपा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार और दीपदान

बिलासपुर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां अरपा तट पर छठ महापर्व का भव्य आगाज हुआ। 5100 दीपों की रोशनी से पूरा छठ घाट जगमगा उठा। एक किलोमीटर लंबे स्थायी छठ घाट पर मां अरपा की महाआरती के दौरान दीयों और आकर्षक लाइटिंग के साथ ही फायर शो और आतिशबाजी से यहां दिवाली सा नजारा दिखा। नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का आगाज हुआ, जिसमें मां अरपा के जयकारे गूंजे और श्रद्धालु हाथ जोड़कर आराधना में जुट गए।
गंगा मैया की तर्ज पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई महाआरती, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और नदी में दीपदान ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। हजारों दीपों की झिलमिलाती रोशनी के बीच मां अरपा का घाट ऐसा नजर आया, मानो छठी मैया के स्वागत में पूरा तट दीपों से सज उठा हो। छठ महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ व्रतियों ने जहां शुद्धता का संकल्प लिया, वहीं अर्घ्य स्थल की शुद्धता के लिए मां अरपा की पूजा और महाआरती की परंपरा निभाई गई।
इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए 525 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी। छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा के साथ ही बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया और महापौर पूजा विधानी भी आयोजन में शामिल हुए। ब्रह्म बाबा आश्रम के महंत 1008 त्यागी प्रेम दास महाराज के सानिध्य में छठ पूजा समिति ने महाआरती का आयोजन किया। धर्म सेना महाआरती ग्रुप के पं. मानस मिश्रा, पं. रविन्द्र पाठक, पं. आयुष शर्मा, पं. अक्षत शर्मा, पं. राजा द्विवेदी और पं. सुशांत दुबे ने विधि-विधान से स्थल पूजा कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ किया और मां अरपा के जयकारों के साथ आरती शुरू हुई। पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां अरपा की आरती की तो श्रद्धालु भी दीप लेकर आराधना में शामिल हुए। आरती के बाद नदी में दीपदान किया गया।
महाआरती के बाद मंच के पास अतिथियों का स्वागत किया गया, जिसके बाद आतिशबाजी और फायर शो शुरू हुआ। करीब 15 मिनट तक चले फायर शो ने आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी बिखेरी। समिति ने पहली बार इस तरह की व्यवस्था की थी। दीपों से जगमगाते घाट, आरती की गूंज और फायर शो के नजारे ने आयोजन को और आकर्षक बना दिया, जिसका श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह से आनंद लिया।
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने बताया कि बिलासपुर का छठ महापर्व अब किसी एक समाज का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे शहर का साझा त्योहार बन चुका है। सभी वर्गों और समाजों के लोग मिलकर इसे मनाते हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के छठ घाट ने राष्ट्रीय ही नहीं, एशिया स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। छठ महापर्व के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर पटना, दिल्ली और मुंबई के साथ बिलासपुर का भी प्रसारण होता है। झा ने यह भी बताया कि हर साल छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, जिसे देखते हुए इस बार कम से कम 2 हजार वाहनों के लिए अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, सभापति विनोद सोनी, कांग्रेस नेता विजय केशरवानी, राजेंद्र शुक्ला और प्रमोद नायक मौजूद रहे। समिति के संरक्षक एसपी सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। महापौर पूजा विधानी ने कहा कि माताएं परिवार की सुख, शांति और समृद्धि के लिए कठिन निर्जला व्रत रखती हैं। उन्होंने भव्य छठ घाट के निर्माण में विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के योगदान की सराहना की। विधायक धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, राजेंद्र शुक्ला और विजय केसरवानी सहित अन्य वक्ताओं ने जीवनदायिनी अरपा के संरक्षण और स्वच्छता पर जोर दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजन सामग्री सीधे नदी में प्रवाहित न करें, बल्कि निर्धारित स्थानों पर ही विसर्जित करें, क्योंकि छठ पूजा प्रकृति और सूर्य उपासना से जुड़ा पर्व है, इसलिए अरपा को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
शुक्रवार सुबह से ही घरों में छठ महापर्व की पारंपरिक तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रती महिलाओं ने स्नान कर शुद्धता का संकल्प लिया। आम की लकड़ी से दातून करने के बाद मिट्टी के चूल्हे पर चावल, लौकी की सब्जी और चने की दाल तैयार की। छठी मैया को भोग लगाने के बाद सपरिवार प्रसाद ग्रहण किया। नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत हुई। शनिवार को छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना होगा। व्रती महिलाएं सुबह स्नान के बाद पूरे दिन उपवास रखेंगी। शाम को मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ और दूध से खीर तथा रोटी तैयार करेंगी। छठी मैया को भोग लगाने के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगी और परिवार के लोगों में बांटेंगी। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होगा। रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य और सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
छठ पूजा के दौरान तोरवा स्थित अरपा नदी छठ घाट पर भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक और पार्किंग की व्यवस्था तय की है। यह व्यवस्था 15 नवंबर की दोपहर से 16 नवंबर की दोपहर तक लागू रहेगी। इस दौरान छठघाट रोड पर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। श्रद्धालुओं को जाम से बचाने के लिए सरकंडा-मोपका और गुरुनानक चौक-तोरवा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रास्ते और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। घाट के पास तक केवल सिर पर पूजा का दौरा लेकर जाने वाले व्रतियों के वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। बाकी श्रद्धालुओं को तय पार्किंग स्थलों पर अपने वाहन खड़े करने होंगे। पुलिस ने लोगों से छोटे वाहनों या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने की अपील की है।
सरकंडा-मोपका की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भारी वाहनों का डायवर्सन चिल्हाटी मोड़, मोपका तिराहा और बजरंग चौक-राजकिशोर चौक से दूसरे रास्तों से किया जाएगा। रवि रिसोर्ट के पास से सामान्य चारपहिया और तिपहिया वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी; यहां से केवल पूजा का दौरा लेकर जाने वाले व्रतियों के वाहन आगे जा सकेंगे। आम श्रद्धालुओं के लिए रवि रिसोर्ट के पास खेल परिसर, छठ घाट तिराहे के पहले और बाद स्थित वन मैदान तथा आश्रम परिसर के पास नदी किनारे वन भूमि में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। छठ घाट से लगे वन मैदान में वीआईपी पार्किंग, सड़क किनारे बाइक पार्किंग और प्रयास स्कूल भवन के पास रिजर्व पार्किंग भी रहेगी।
गुरुनानक चौक-तोरवा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दर्रीघाट और महमंद चौक से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें दूसरे रास्तों से भेजा जाएगा। गांधी चौक, जगमल चौक, गुरुनानक चौक और पेट्रोल पंप तिराहा से छोटे चारपहिया और तिपहिया वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजा जाएगा। इस ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कृषि उपज मंडी परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने और संभव हो तो छोटे वाहनों या सार्वजनिक परिवहन से घाट तक पहुंचने की अपील की है।



