Uncategorized

गौरेला में सड़क पर बर्थडे मनाने वाले BJYM जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे समेत 3 के खिलाफ FIR, ट्रैफिक प्रभावित

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बीच सड़क जन्मदिन मनाने के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे उर्फ सिद्धू और उनके दो साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर की देर रात करीब 11:42 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू फेसबुक लाइव पर दिखाई दे रहे थे। उनके साथ बड़ी संख्या में लोग भी नजर आ रहे थे। वीडियो की जांच में सामने आया कि गौरेला के अमरकंटक चौक पर जन्मदिन मनाने के लिए भीड़ जुटी थी और लोग केक काटकर सिद्धार्थ को खिला रहे थे।

सामने आए वीडियो में केक काटने के लिए बकायदा मंच तैयार किया गया था। ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया। इस दौरान ट्रैफिक प्रभावित हुआ और आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हुई।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू, मौसम ताम्रकार और रितुराज अग्रवाल समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आयोजन से जुड़े लोगों और मौके की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

सिद्धार्थ दुबे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के भाजयुमो (भारतीय जनता युवा मोर्चा) के जिलाध्यक्ष हैं। संगठनात्मक गतिविधियों और युवा कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण जिले के युवाओं के बीच उनकी पहचान है। सिद्धार्थ दुबे, गौरेला नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे के भतीजे हैं।

इससे जुड़ी एक अन्य घटना छत्तीसगढ़ के भिलाई में सामने आई है, जहां जन्मदिन पार्टी के दौरान घर के सामने बीयर की बोतल टूटने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। बीजेपी के कैंप-1 मंडल कोषाध्यक्ष राजेश चौधरी ने टूटे कांच साफ करने को कहा, तो विवाद हो गया। दोनों तरफ से गाली-गलौज के बाद हाथ-मुक्कों और डंडे से एक-दूसरे को पीटा गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button