बलरामपुर रामानुजगंज जिले में अवैध धान को लेकर कलेक्टर सख्त है। 12 दिसंबर की रात कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत अंतरराज्यीय सीमा तालकेश्वरपुर के घने जंगलों में लगभग 3 किलोमीटर पीछा कर अवैध धान परिवहन कर रहे 2 पिकअप वाहनों को पक
.
पकड़े गए दोनों गाड़ियों में लगभग 140 बोरी अवैध धान मिला। ये कार्रवाई अगले दिन सुबह तक जारी रही। शुक्रवार रात कलेक्टर खुद चेक प्वाइंट पर जांच के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग केंद्रों का निरीक्षण भी किया।

पिकअप में लदा था अवैध धान। कलेक्टर ने पकड़ा।
कलेक्टर ने खुद अवैध धान परिवहन की जांच की
बताया जा रहा है कि जिले में कलेक्टर राजेंद्र कटारा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड से अवैध रूप से छत्तीसगढ़ में धान लाए जाने पर रोक लगाने के लिए पूर्णतः अलर्ट मोड में हैं।
12 दिसंबर की रात उन्होंने खुद 300 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान करीब 20 किलोमीटर पैदल चलकर अवैध धान परिवहन की जांच की।
इन खरीदी केंद्रों में पहुंचे कलेक्टर
कलेक्टर ने महावीरगंज समिति, विजयनगर समिति का निरीक्षण किया। वहीं तारकेश्वरपुर समिति में रकबा संबंधी शिकायत की जांच के लिए भी मौके पर पहुंचे।
इसके अलावा उन्होंने दूसरे राज्यों से आने वाले धान को रोकने के लिए बनाए गए नाकों का भी निरीक्षण किया, जिसमें त्रिशूली के हल्दी मोड़, मंदरु-घुटरा नाका, तारकेश्वरपुर टुकुपत्थर नाका, चूना पत्थर नाका, कसईरया बाजार एवं बलंगी शामिल हैं।
कलेक्टर के इस सख्त रुख से अवैध धान परिवहन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं प्रशासन की इस सक्रियता से जिले की धान खरीदी व्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
24 घंटे निगरानी के निर्देश
कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल अवैध धान और वाहनों को थाना प्रभारी सनवाल के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व की टीम भी मौजूद थी।
कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने स्पष्ट किया कि जिले में धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध परिवहन और भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी 24 घंटे सक्रिय निगरानी रखते हुए अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसका उद्देश्य धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और पारदर्शी बनाए रखना है।
<
