Balodabazar News | BJP Leader Son Pranav Awasthi Fraud Case Job Scam

शराब दुकान में नौकरी दिलाने का दिया भरोसा
बलौदाबाजार जिले में फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर तैयार कराने के मामले में गिरफ्तार भाजपा महामंत्री कृष्णा अवस्थी के बेटे प्रणव अवस्थी के खिलाफ अब नौकरी लगाने के नाम पर पैसे लेने की एक नई शिकायत सामने आई है। महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम खेमड
.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसे शराब दुकान में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 50 हजार रुपए लिए गए। नौकरी नहीं मिलने के बाद रकम वापस मांगने पर उसे NEFT के जरिए पैसा लौटाने की रसीद भेजी गई, लेकिन राशि उसके बैंक खाते में नहीं पहुंची। कलश राम का दावा है कि जांच करने पर यह NEFT रसीद भी फर्जी पाई गई।

महासमुंद के युवक ने बलौदाबाजार SP से की शिकायत
नौकरी की तलाश में था युवक, परिचित के जरिए प्रणव अवस्थी से हुआ संपर्क
कलश राम ध्रुव के अनुसार, वह बेरोजगार है और नौकरी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उसने अपने एक परिचित से रोजगार को लेकर चर्चा की। परिचित बारनवापारा क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।
शिकायत के मुताबिक, इसी परिचित के माध्यम से कलश राम का संपर्क प्रणव अवस्थी से हुआ। आरोप है कि मुलाकात के दौरान प्रणव अवस्थी ने उसे शराब दुकान में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।

50 हजार रुपए लिए, डीडी बनाकर जमा कराने को कहा
पीड़ित के अनुसार, नौकरी लगाने की बात पर प्रणव अवस्थी ने उससे 50 हजार रुपए लिए। उसे डीडी (डिमांड ड्राफ्ट) बनाकर जमा कराने के लिए कहा गया था।
बाद में जब कलश राम को पता चला कि संबंधित डीडी फर्जी है, तो उसने नौकरी करने से इनकार करते हुए अपनी रकम वापस मांगी। इसके बाद रकम लौटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई।
रकम वापस करने की NEFT रसीद भेजी, खाते में पैसा नहीं आया
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम वापस करने के लिए प्रणव अवस्थी की ओर से NEFT के माध्यम से भुगतान किए जाने की रसीद भेजी गई। लेकिन रसीद मिलने के बावजूद उसके बैंक खाते में 50 हजार रुपए जमा नहीं हुए।
कलश राम के मुताबिक, जब उसने NEFT ट्रांजैक्शन की जांच कराई तो उसे यह रसीद भी फर्जी होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने पुलिस से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

SP से कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग
कलश राम ने बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक गौरव राय को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने, प्रणव अवस्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उसके 50 हजार रुपए वापस दिलाने की मांग की है।
हालांकि शिकायत में लगाए गए नौकरी के नाम पर रकम लेने और NEFT रसीद फर्जी होने के आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

महासमुंद का मामला होने पर SP ने वहां भेजने के दिए निर्देश
इस मामले में पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने शिकायतकर्ता को महासमुंद जिले का निवासी बताते हुए मामले को महासमुंद भेजने के निर्देश दिए हैं। पुलिस स्तर पर अब शिकायत से जुड़े तथ्यों और लेन-देन की जांच संबंधित स्तर पर की जाएगी।
फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर केस में पहले ही गिरफ्तार है प्रणव
गौरतलब है कि भाजपा महामंत्री कृष्णा अवस्थी और उसके बेटे प्रणव अवस्थी को बलौदाबाजार में कंप्यूटर के माध्यम से फर्जी ट्रांसफर आदेश तैयार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के आरोप में पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
इसके अलावा प्रणव अवस्थी के खिलाफ चेक बाउंस के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी होने की जानकारी भी सामने आई है। अब नौकरी लगाने के नाम पर 50 हजार रुपए लेने की यह नई शिकायत सामने आने के बाद उसकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
शराब दुकानों में नौकरी लगाने के नाम पर और शिकायतों की चर्चा
इधर, सामने आ रही जानकारी के मुताबिक शराब दुकानों में नौकरी लगाने के नाम पर प्रणव अवस्थी से जुड़े और भी मामले सामने आने की चर्चा है। हालांकि इन मामलों में अभी तक कोई शिकायत सामने नहीं आई है। ऐसे में इन आरोपों की पुष्टि संबंधित शिकायत, दस्तावेज और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
………………
इस से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए
फर्जी ट्रांसफर केस, भाजपा महामंत्री का बेटा भी अरेस्ट:बोला- पिता के कहने पर दोस्त से टाइप करवाया, कंप्यूटर-ऑपरेटर भी आरोपी; 6 अरेस्ट

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर तैयार कर इस्तेमाल करने के मामले में पलारी पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी के बेटे प्रणव अवस्थी और उसका दोस्त कंप्यूटर ऑपरेटर प्रखर कश्यप भी शामिल हैं। …पढ़िए पूरी खबर




