.
नवागढ़ विकासखंड के बीईओ कार्यालय में तैनात बाबू पर रिश्वत मांगने के आरोप की शिकायत कलेक्टर से की गई है। सहायक शिक्षक सम्पतलाल राठौर ने शिकायत में बाबू पर चिकित्सा व्यय प्रतिपूर्ति राशि के भुगतान में बाधा डालने और रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार सहायक शिक्षक राठौर को पैरालिसिस अटैक आने पर इलाज चल रहा है।
शासन ने चिकित्सा व्यय के लिए 87 हजार 722 रुपए स्वीकृत कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी नवागढ़ को आवंटित किए हैं। यह राशि तीन महीनों से अधिक समय से भुगतान नहीं हुई है। इस राशि के लिए खंड लिपिक बजरंग लाल कटकवार ने रिश्वत मांगी। शिक्षक के इनकार करने पर भुगतान रोक दिया गया। शिकायत की कॉपी राज्यपाल, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और प्रभारी मंत्री को भी भेजी गई है।
मुझे जानकारी नहीं: नवागढ़ का वित्तीय प्रभार संभाल रहे सहायक संचालक राजकुमार तिवारी का कहना है कि उन्हें हाल ही में नवागढ़ विकासखंड कार्यालय का वित्तीय प्रभार मिला है। एक-दो मामले सामने आए, उसका भुगतान कर दिया गया है। इस केस के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं है।
<
