![]()
.
जिले में 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक पुरुष नसबंदी पखवाड़ा सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। पुरुषों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नसबंदी संबंधी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। सीएमएचओ डॉ. अमृत लाल रोहलेडर ने बताया कि 22 पुरुष हितग्राहियों ने स्वेच्छा से नसबंदी के लिए सहमति दी और उनका पंजीयन किया गया। 4 दिसंबर को सभी हितग्राहियों को जिला चिकित्सालय बेमेतरा लाया गया। जहां स्वास्थ्य परीक्षण के बाद 20 हितग्राहियों का ऑपरेशन किया गया। यह ऑपरेशन जिला सारंगढ़ से आए विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. एसके जायसवाल, डॉ. सत्य प्रकाश कोसरिया, जिला चिकित्सालय की चिकित्सा टीम द्वारा किया गया।
ऑपरेशन के बाद सभी लाभार्थियों को आवश्यक चिकित्सीय देखभाल उपलब्ध कराई गई। शासन की ओर से प्रत्येक पुरुष हितग्राही को 3000 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू की निगरानी में पूरे जिले में जागरूकता कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार और घर-घर संपर्क अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग और मितानिनों के प्रयासों से नसबंदी से जुड़े मिथक और भ्रम काफी हद तक दूर हुए हैं। यह अभियान न केवल विभागीय समन्वित कार्य का परिणाम है बल्कि स्वस्थ और खुशहाल परिवार निर्माण की दिशा में पुरुषों की बढ़ती जिम्मेदारी और सहभागिता का भी प्रतीक है।
सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी: इस वर्ष पखवाड़ा का थीम स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार, पुरुष सहभागिता से ही होगा यह सपना साकार, था। थीम के अनुरूप जिला स्वास्थ्य विभाग, सभी बीएमओ, बीपीएम, स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों एवं मितानिनों की टीमों ने ग्रामों और शहरी क्षेत्रों में पुरुषों को परिवार नियोजन के लाभ, नसबंदी प्रक्रिया की सुरक्षा, इसके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी। कहा कि पुरुषों की परिवार नियोजन के प्रति सोच सकारात्मक हो रही है।
<
