![]()
.
हसदेव नदी पर निर्मित गेमन पुल के स्थान पर नये पुल निर्माण, लछनपुर के पास भुंडी नाला में उच्च स्तरीय पुल निर्माण और जांजगीर पिथमपुर मार्ग के शीघ्र निर्माण की मंजूरी मिलेगी। विधायक व्यास कश्यप के पत्र को लोक निर्माण मंत्री अरूण साव ने कार्रवाई के लिए पीडब्ल्यूडी सचिव को भेज दिया है।
विधायक कश्यप ने पुल और सड़क निर्माण की मांग विधानसभा के बजट सत्र 2024-25 व 2025-26 में रखी थी। इन कार्यों को बजट में शामिल किया गया था। 28 अगस्त को रायपुर प्रवास के दौरान विधायक ने उक्त कार्यो की प्रशासकीय स्वीकृति के लिए पत्र लोक निर्माण मंत्री अरूण साव को सौंपकर सभी निर्माण कार्यों को जनहित में अत्यावश्यक होने की बात कही थी। साथ ही यह बताया था कि हसदेव नदी पर स्थित गेमन पुल अत्यंत जीर्ण-शीर्ण होने पर जैसे-तैसे मरम्मत कराकर आने जाने के लिए उपयोग किया जा रहा है। नये पुल का निर्माण नही हुआ तो कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।
इसी प्रकार ग्राम लछनपुर के पास भुंडी नाला में निर्मित पुल वर्षो पुराना है और रोड लेवल से काफी नीचे बना है। बरसात के दिनों में इस पुल के ऊपर से पानी बहता है। पहले भी पुल पर कई बार गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसी तरह जांजगीर पिथमपुर मार्ग भी जर्जर हो चुका है और सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। सड़क निर्माण के लिए लोग चक्काजाम भी कर चुके हैं।निर्माण कार्यों की स्वीकृति के लिए उप मुख्यमंत्री व पीडब्ल्यूडी मंत्री साव ने पत्र पीडब्ल्यूडी सचिव को भेज दिया है।
<
