केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिन बस्तर में रहेंगे। रविवार रात वे रायपुर पहुंचे थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 3 दिवसीय छ्त्तीसगढ़ दौरे पर हैं। 17 मई की रात वे रायपुर पहुंच गए थे। वहीं आज (18 मई) वे बस्तर आएंगे। जगदलपुर एयरपोर्ट से सीधे वे नेतानार गांव जाएंगे, जहां वीर शहीद गुंडाधुर के गांव से जन सुविधा केंद्र शुरू करेंगे। नक्सलवाद
.
वे जगदलपुर के अमर वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। साथ ही डायल 112 के करीब 400 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अमित शाह जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक लेंगे। इस बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड इन चार राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इस बैठक में इन सभी स्टेट विकास कामों पर चर्चा होगी।

CM साय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की स्वागत किया।
अलग-अलग कार्यक्रमों में होंगे शामिल
इस दौरे में सुरक्षा और विकास के बीच संतुलन बनाने की कोशिश नजर आएगी। डायल-112 सेवा के विस्तार से लेकर बस्तर में जन सुविधा केंद्र के उद्घाटन, फॉरेंसिक यूनिट्स, और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि तक, कार्यक्रमों की पूरी श्रृंखला इसी दिशा में तैयार की गई है।

डायल-112 सेवा का पूरे प्रदेश में विस्तार
आज (सोमवार) सुबह अमित शाह राजधानी के पुलिस ट्रेनिंग स्कूल पहुंचेंगे। यहां सुबह 10:40 बजे से 10:50 बजे के बीच वे डायल-112 सेवा के लिए शामिल 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यह कार्यक्रम राज्य सरकार की उन बड़ी योजनाओं में शामिल है, जिनके जरिए पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को मजबूत करने की तैयारी की गई है। अभी तक डायल-112 सेवा प्रदेश के 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जा रहा है।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा पहले ही बता चुके हैं कि नई व्यवस्था के बाद प्रदेश के सभी थानों तक डायल-112 की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता पहले की तुलना में ज्यादा तेज और प्रभावी हो सकेगी।
हर जिले को मिलेगी फॉरेंसिक जांच की सुविधा
राज्य सरकार इस दौरे के दौरान अपराध जांच सिस्टम को तकनीकी रूप से मजबूत करने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाने जा रही है। जानकारी के मुताबिक प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स रवाना की जाएंगी।
इन विशेष वाहनों में आधुनिक फॉरेंसिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही शुरुआती वैज्ञानिक जांच संभव हो सकेगी। इससे अपराधों की विवेचना में तेजी आएगी और जांच की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इससे पहले के बस्तर दौरे की तस्वीरें।
रायपुर से सीधे बस्तर रवाना होंगे शाह
रायपुर में कार्यक्रम के बाद केंद्रीय गृहमंत्री सुबह 11:05 बजे विशेष विमान से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। करीब 11:50 बजे उनका आगमन मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर होगा। यहां से वे बीएसएफ हेलीकॉप्टर के जरिए बस्तर जिले के नेतानार पहुंचेंगे।
नेतानार में दोपहर 12:20 बजे से 12:50 बजे तक जन सुविधा केंद्र के उद्घाटन का कार्यक्रम निर्धारित है। माना जा रहा है कि यह केंद्र स्थानीय ग्रामीणों को प्रशासनिक और सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।
बस्तर क्षेत्र लंबे समय से सुरक्षा चुनौतियों और विकास की जरूरतों के बीच संतुलन की चर्चा का केंद्र रहा है। ऐसे में शाह का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमर वाटिका में शहीद जवानों को देंगे श्रद्धांजलि
नेतानार कार्यक्रम के बाद अमित शाह दोपहर करीब 1:25 बजे जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचेंगे। यहां वे शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान कई जवानों ने अपनी जान गंवाई है। ऐसे में अमर वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम को सुरक्षाबलों के मनोबल से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
बादल एकेडमी में होगी विकास और सुरक्षा पर चर्चा
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद अमित शाह जगदलपुर के एक निजी होटल पहुंचेंगे, जहां दोपहर भोजन के बाद बैठकों का दौर शुरू होगा।
दोपहर 2:35 बजे से वे बादल एकेडमी में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान बस्तर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सुरक्षा अभियानों और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
इसके बाद होटल ग्रैंड एम्बिशन में अलग-अलग विभागों की ओर से प्रेजेंटेशन भी दिए जाएंगे। माना जा रहा है कि इन प्रस्तुतियों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, सुरक्षा और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सकती है।
भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात और लोक संस्कृति कार्यक्रम
शाम के समय अमित शाह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे फिर से बादल अकादमी पहुंचेंगे, जहां ‘बस्तर के संग’ नाम से आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
इस कार्यक्रम में बस्तर की पारंपरिक लोक कला, नृत्य और संस्कृति की झलक पेश की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ रात्रि भोज का आयोजन भी रखा गया है। इसके बाद शाह जगदलपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
कल मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक
दौरे के तीसरे दिन यानी 19 मई मंगलवार को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे।
इस बैठक में 4 राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, क्षेत्रीय विकास, सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल प्रभावित इलाकों की स्थिति और प्रशासनिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसमें राज्यों के बीच समन्वय से जुड़े कई लंबित मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
सुरक्षा-विकास पर रहेगा फोकस; बस्तर को देंगे कई जनसुविधाएं
दौरे के दौरान उनका मुख्य फोकस सुरक्षा व्यवस्था, बस्तर में विकास कार्यों की समीक्षा, जनसुविधाओं के विस्तार और मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक पर रहेगा। इस दौरे में सुरक्षा और विकास के बीच संतुलन बनाने की कोशिश नजर आएगी।
डायल-112 सेवा के विस्तार से लेकर बस्तर में जन सुविधा केंद्र के उद्घाटन, फॉरेंसिक यूनिट्स, और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि तक, कार्यक्रमों की पूरी श्रृंखला इसी दिशा में तैयार की गई है।
बस्तर के कैंप बनेंगे सुविधा केंद्र
अमित शाह के बस्तर दौरे को लेकर छ्त्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, बस्तर पूर्ण रूप से नक्सलवाद से मुक्त हो गया है। जिसके बाद अब कल (19 मई) को मध्य क्षेत्रीय परिषद की बड़ी बैठक होने वाली है। साल 2025 में ये बैठक उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुई थी।
विजय शर्मा ने कहा कि नेतानार में सुरक्षा कैंप अब सुविधा केंद्र में बदल रहा है। इसकी शुरुआत अमित शाह करेंगे। भविष्य में बस्तर के सारे कैंपों को सुविधा केंद्र के रूप में ही डेवलप किया जाएगा।
वर्चुअल हो सकती थी बैठक, लाखों रुपए क्यों फूंके जा रहे- बैज
अमित शाह के बस्तर दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री पूरे देश से आह्वान कर रहे है कि वर्कफ्रॉम होम करें, पेट्रोल-डीजल बचाएं। अब उनके ही गृहमंत्री, मुख्यमंत्री उनकी बात नहीं मान रहे।
मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक वर्चुअल क्यों नहीं की गई, जबकि सभी मुख्यमंत्री सचिवालय और गृह मंत्रालय के पास वीडियो कान्फ्रेंसिंग की सुविधा उपलब्ध है।
मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, चार राज्यों के मुख्यमंत्री या उनके प्रतिनिधि बस्तर आएंगे। सब अलग-अलग विशेष विमान से आएंगे, लाखों रुपए खर्च होगा, डीजल-पेट्रोल तथा विमान का ईंधन खर्च होगा। यह बैठक तो वर्चुअल हो सकती थी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद दिल्ली रवाना होंगे
बैठक के बाद दोपहर भोजन का कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद अमित शाह दोपहर 2:50 बजे से 3:30 बजे तक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान वे सुरक्षा, विकास और परिषद बैठक से जुड़े अहम फैसलों की जानकारी साझा कर सकते हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद वे जगदलपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और शाम 3:45 बजे विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगे। उनका विमान शाम 6 बजे पालम स्थित एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेगा, जहां से वे सड़क मार्ग से अपने आवास रवाना होंगे।
अमित शाह के इस दौरे को छत्तीसगढ़, खासकर बस्तर क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुरक्षा और विकास के एजेंडे के साथ हो रहे इस दौरे पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर नजर बनी हुई है। ………………………
अमित शाह से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
शाह बोले- कांग्रेस सरकार ने नक्सलवादियों को बचाकर रखा:कहा- भूपेश को पूछो, प्रूफ दूं क्या; बघेल बोले- सरासर झूठ, सबूत हो तो सार्वजनिक करें

लोकसभा में नक्सलवाद पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि भारत अब लगभग नक्सल-मुक्त हो चुका है। आज यानी 31 मार्च 2026 तक तय लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। अपने भाषण में शाह ने छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर नक्सलियों को बचाने का आरोप लगाया और यहां तक कहा ‘भूपेश बघेल को पूछो, प्रूफ दूं क्या।’ पढ़ें पूरी खबर…
<
