![]()
.
डॉ. भीमराव अम्बेडकर उच्च माध्यमिक आवासीय विद्यालय मुंगेली में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के 70वें महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अभिभावक प्रदीप बर्मन व नरेंद्र सोनवानी द्वारा बाबा साहेब के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने कतारबद्ध होकर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
ईश वंदना के बाद आराध्या और अनुष्का द्वारा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। इसी क्रम में कक्षा छठवीं की छात्रा आराध्या आहिरे ने बाबा साहेब के प्रेरणादायी संदेश पर आधारित गीत जय भीम वालों खुद को संभालो, तुम्हें अब किसी का सहारा नहीं है प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया।
अभिभावक प्रदीप बर्मन ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने जात-पात, छुआछूत और सामाजिक अन्याय के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन परिश्रम, दूरदर्शिता और धैर्य का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी विश्वभर में सम्मान और प्रेरणा का स्रोत है। भारत के लिए उन्होंने जो सर्वोच्च योगदान दिया, वह है विश्व का सबसे बड़ा और सशक्त संविधान, जिसने देश को एकता के सूत्र में बांधा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं संस्था के पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर बाबा साहेब को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम ने सभी को संविधान निर्माता के आदर्शों और संघर्ष की याद दिलाई।
<
