भास्कर न्यूज| महासमुंद जिला पंचायत महासमुंद के सीईओ हेमंत नंदनवार ने बागबाहरा ब्लाक के ग्राम बागबाहरा कला का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज-4 के तहत निर्माणाधीन सड़क कार्य और गांव में स्थापित प्लास्टिक वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप उपस्थित थे। सीईओ नंदनवार ने पीएमजीएसवाई फेज-4 के तहत बन रही सड़क की प्रगति, मोटाई और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को देखा। उन्होंने लोक निर्माण और संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए इस सड़क का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने कार्य को बिना किसी देरी के समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने की बात कही ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। सड़क निरीक्षण के बाद सीईओ ने ग्राम बागबाहरा कला में संचालित प्लास्टिक वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट का रुख किया। वहां उन्होंने प्लास्टिक कचरे के कलेक्शन, छंटाई और रीसाइक्लिंग (प्रसंस्करण) की पूरी प्रक्रिया को समझा। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन की इस पूरी गतिविधि में स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों को प्राथमिकता दी जाए। इसे महिलाओं के लिए एक मजबूत आजीविका गतिविधि के रूप में विकसित किया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता भी मिले।
<
