अग्रसेन जयंती: अंबिकापुर की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, जीवंत झांकियों और लोकनृत्य के साथ निकली शोभायात्रा
महाराजा श्री अग्रसेन जी महाराज की जयंती पर रविवार शाम अंबिकापुर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में अग्र समाज के लोग शामिल हुए। नागपुर के ढोल ताशा, मेरठ के महाकाल झांकी और घोड़ों की सवारी के साथ निकले जुलूस में जीवंत झांकियों के साथ परंपरागत लोकनृत्य का अनूठा संगम दिखा। शोभायात्रा के बाद देर रात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
सरगुजा में श्री अग्रसेन जी महाराज की जयंती पर रविवार को विविध आयोजन किए गए। अग्रसेन भवन में आयोजित विशेष पूजन में बड़ी संख्या में अग्र समाज के लोग शामिल हुए। शाम को अग्रसेन भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो अग्रसेन चौक से ब्रम्ह रोड, संगम चौक, महामाया चौक, जयस्तंभ चौक से होते हुए वापस होटल मयूरा में समाप्त हुई। शोभायात्रा का जगह-जगह आरती उतारकर स्वागत किया गया।
अग्रसेन जयंती पर नागपुर के प्रसिद्ध ढोल ताशा के कलाकार शामिल हुए। ढोल वादकों ने शहर में शमा बांध दिया। इसके साथ ही शोभायात्रा में मेरठ के विख्यात महाकाल झांकी को भी शामिल किया गया था। शोभायात्रा में घोड़ों की सवारी आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में शामिल लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की थी।
शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शोभायात्रा वापस अग्रसेन भवन पहुंची, जहां शोभायात्रा का समापन किया गया। शोभायात्रा के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होटल मयूरा में आयोजित किए गए। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजय मित्तल ने बताया कि 20 दिनों से अग्रसेन जयंती के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। इसमें क्रिकेट टूर्नामेंट से लेकर अलग-अलग प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। रक्तदान शिविर में 100 से अधिक लोगों ने रक्तदान किया।
संजय मित्तल ने लोगों से अपील की है कि महाराजा अग्रसेन का संदेश था कि कोई निर्धन है तो हमारा समाज उसे एक रुपये और एक ईंट देकर सहयोग कर सकते हैं। समाज यह परंपरा भूल गया है। हम इस परंपरा को फिर से लागू करें। अग्रवाल समाज सामाजिक सरोकारों में आगे रहा है।
अग्रसेन जयंती कार्यक्रम एवं शोभायात्रा को सफल बनाने में अग्रवाल सभा के संजय अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, विकास अग्रवाल, राजकुमार बंसल, विनोद अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, सतीष बंसल, रोशन अग्रवाल, आदर्श बंसल, सीमा अग्रवाल, सिंपल अग्रवाल, दुर्गा मित्तल, रेणु अग्रवाल, भूमि अग्रवाल, नेहा अग्रवाल सहित अग्रवाल सभा, महिला सभा और युवा मंच के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में सक्रिय रहे।




