![]()
.
भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया ट्रेडर्स (कैट) व स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में नगर में विशाल स्वदेशी संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में एनसीसी कैडेट्स और नगरपालिका स्कूल के छात्रों ने स्वदेशी का जाप करेंगे, अपनी रक्षा आप करेंगे जैसे नारे लगाए।
स्वदेशी संकल्प यात्रा रेस्ट हाउस मैदान, दाउपारा से प्रारंभ हुई और दाउपारा, पुलपारा, पुराना बस स्टैंड, सदर बाजार, गोल बाजार, बालानी चौक, परमेश्वरी चौक, पड़ाव चौक होते हुए नेहरू चौक (नया बस स्टैंड) पर सभा के रूप में संपन्न हुई। महिमा कॉम्प्लेक्स के पास सराफा व्यापारी संगठन द्वारा यात्रा का स्वागत किया गया और अल्पाहार की व्यवस्था की गई। जिला संयोजक आकाश सोनी ने बताया कि यह यात्रा पूरे देश में स्वदेशी आत्मनिर्भरता का अलख जगाने के लिए निकाली जा रही है। नेहरू चौक पर आयोजित सभा में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मंच पर अनिल सोनी, नपा. अध्यक्ष रोहित शुक्ला, पूर्व नपा अध्यक्ष शैलेष पाठक, नपा. उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी उपस्थित थे। पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि भारत को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेशवासी संकल्पित हैं और यह हमारा दायित्व नहीं, वरन कर्तव्य है। उन्होंने देश को मजबूत बनाने के लिए स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संदीप ताम्रकार, रवि पौराणिक, चम्पा सुथार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में जिला संयोजक आकाश सोनी ने आभार व्यक्त किया।
नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने लोगों से स्वदेशी, स्थायी व्यापार और वोकल फॉर लोकल के संकल्प को आगे बढ़ाने और स्वदेशी अपनाने की अपील की। पूर्व नपा. अध्यक्ष शैलेष पाठक ने स्वदेशी की वकालत करते हुए कहा कि स्वदेशी अपनाने से क्षेत्र और देश की तरक्की होती है। उन्होंने विदेशी सामग्री का त्याग करने की अपील की, क्योंकि इससे क्रय राशि विदेशों में चली जाती है। लोगों ने कहा कि घर-परिवार और व्यापार में स्थानीय और स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देंगे। चाइनीज, तुर्की, अमेरिकी और अन्य विदेशी कंपनियों के उत्पादों के प्रयोग से बचेंगे। स्वदेशी क्रय-विक्रय, स्वदेशी भाषा, वेशभूषा और उत्सव पद्धति पर आग्रह रखेंगे। हर घर स्वदेशी, हर युवा उद्यमी” के विचार को जन-जन तक पहुंचाने का अथक प्रयास करेंगे और विश्व पटल पर भारत की जय जयकार कराने के लिए सब प्रकार के प्रयत्न करेंगे।
<
