छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इंडोर स्टेडियम के पास हेरोइन (चिट्टा) बेचते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी से हेरोइन सहित 2 लाख 21 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
.
धमतरी जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली धमतरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंडोर स्टेडियम के समीप रवि सोनी नामक व्यक्ति अवैध रूप से हेरोइन की बिक्री कर रहा है।

पुलिस ने आरोपी को हेरोइन बेचते रंगे हाथ पकड़ा
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने इंडोर स्टेडियम ग्राउंड गेट के पास दबिश दी। यहां आरोपी रवि सोनी (39 वर्ष, पिता मोतीलाल, निवासी शीतला मंदिर के पास, जोधापुर वार्ड) को हेरोइन बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2 ग्राम 920 मिलीग्राम हेरोइन (अनुमानित कीमत 58,400 रुपये), एक मोबाइल फोन, एक पुरानी मारुति कार और 39,000 रुपये नकद जब्त किए गए। जब्त किए गए कुल माल की कीमत 2 लाख 21 हजार 400 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि सप्लायर से लेकर उपभोक्ताओं तक सख्त निगरानी रखी जा रही है।
<
