![]()
जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत गौ-तस्करी के एक फरार आरोपी अफसर राय को झारखंड के बेड़ो (रांची) से गिरफ्तार किया है। आरोपी जून 2025 में नेशनल हाईवे पर पुलिस की नाकाबंदी देखकर चार गोवंश सहित अपनी स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गया था।
.
यह घटना 4 जून 2025 की है। ग्रामीणों की सूचना पर जशपुर पुलिस ने ग्राम बालाछपार, NH-43 पर एक बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो जब्त की थी। वाहन के पीछे की सीटों को हटाकर उसमें चार गोवंश को रस्सियों से बांधकर ठूंसकर रखा गया था।
जब्त किया गया था बिना नंबर की स्कॉर्पियो
स्कॉर्पियो का एक टायर फटा हुआ था और तस्कर मौके से फरार हो चुके थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली थाने में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 व 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
नंबर प्लेट से मालिक नाम सामने आया
जांच के दौरान पुलिस ने परिवहन विभाग की मदद से वाहन की मूल जानकारी जुटाई। तकनीकी सत्यापन में पता चला कि संदिग्ध स्कॉर्पियो का वास्तविक नंबर JH 01G-0199 है और यह झारखंड निवासी योगेश कुमार गुप्ता के नाम पर पंजीकृत है।
योगेश ने पूछताछ में बताया कि उसने यह वाहन एक महिला को बेचा था, जिसने बाद में इसे वर्ष 2022 में अफसर राय को बेच दिया था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी और उसे बेड़ो (रांची) से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद जुर्म स्वीकारा
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अफसर राय (27) ने पूछताछ में जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि घटना वाले दिन वह रायगढ़ (छत्तीसगढ़) से गोवंश को झारखंड ले जा रहा था। NH-43 पर पुलिस की नाकेबंदी देखकर घबराकर वह स्कॉर्पियो और गोवंश को वहीं छोड़कर जंगल की ओर भाग गया था।
न्यायिक रिमांड पर जेल
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा “जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’ और ‘ऑपरेशन अंकुश’ लगातार जारी है। गौ-तस्करी में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपी अफसर राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।”
<
