![]()
जशपुर जिले में शादी का झांसा देकर युवती से रेप का मामला सामने आया है। आरोपी ने एक साल से ज्यादा समय तक युवती का शारीरिक शोषण किया। फिर उसे छोड़ दिया। मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
.
पीड़िता बी.ए. की छात्रा है और कंप्यूटर कोर्स भी कर रही है। उसने बताया कि जून 2024 में वह अपनी रिश्ते की बहन की शादी में पत्थलगांव क्षेत्र के अपने गांव आई थी, जहां उसकी मुलाकात अमन लकड़ा (22 साल) से हुई। अमन ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा था।
पीड़िता ने बताया कि शादी के झांसे में आकर आरोपी ने उसी दिन उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद, अमन ने बार-बार शादी का भरोसा दिलाकर युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया।
थाने में शिकायत दर्ज कराई
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m) के तहत मामला दर्ज किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मुताबिक, 20 साल की पीड़िता ने 13 अक्टूबर 2025 को पत्थलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
इस गंभीर मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पत्थलगांव थाना पुलिस ने आरोपी अमन लकड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस संबंध में कहा, “जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। पत्थलगांव क्षेत्र में युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”
<
