कोनी में तीन चोरी की वारदातों का राजफाश, तीन आरोपित गिरफ्तार, एक नाबालिग किशोर न्यायालय में पेश

बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र में अलग-अलग तिथियों में घरों के ताले तोड़कर की गई चोरी की तीन वारदातों का पुलिस ने राजफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
सीएसपी गगन कुमार (आइपीएस) ने बताया कि कोनी क्षेत्र में 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर को चोरी की घटनाएं हुई थीं। तीनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस की टीम चोरों की तलाश कर रही थी।
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव के साथ मिलकर वारदात करना बताया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार उन्होंने घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अन्य सामान चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर एक किलो 190 ग्राम चांदी के जेवर, 12 ग्राम सोने के जेवर, मोटरसाइकिल, मोबाइल, छह हजार 700 रुपये नगद और चोरी में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया गया।
पुलिस ने राहुल यादव (22), भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया (20) और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव (28), सभी निवासी घुटकू, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार चोरी की तीनों घटनाओं के बाद जांच टीम ने घटनास्थलों के साथ आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी के फुटेज जुटाए। बारीकी से विश्लेषण करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया। इसी दौरान पुलिस को आरोपितों तक पहुंचने में अहम सुराग मिला।
तीनों चोरी के मामलों में पुलिस ने बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जब्त सामग्री में एक किलो 190 ग्राम चांदी के आभूषण और 12 ग्राम सोने के आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल, ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन और छह हजार 700 रुपये नगद भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किया गया लोहे का एक सब्बल भी जब्त किया है।




