Bemetara CMHO Controversy | CHO NHM Employees Protest Against Harassment

कर्मचारियों ने अमर्यादित व्यवहार, मानसिक दबाव और TOR के विपरीत काम कराने की शिकायत
बेमेतरा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के खिलाफ मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारी संघ ने महिला स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार और उत्पीड
.
बेमेतरा में CHO और NHM कर्मचारी बड़ी संख्या में जय स्तंभ चौक पर जुटे। यहां से कलेक्ट्रेट की ओर रैली निकाली गई, जिसे सिग्नल चौक के पास रोक दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने CMHO के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिकायतों की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर जय स्तंभ चौक से निकली रैली
समीक्षा बैठकों में अमर्यादित व्यवहार का आरोप
कर्मचारी संघ ने CMHO पर समीक्षा बैठकों के दौरान कथित अमर्यादित व्यवहार का आरोप लगाया है। संघ की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि CHO की योग्यता को सार्वजनिक रूप से नीचा दिखाने, अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने और महिला कर्मचारियों को असहज करने जैसी शिकायतें हैं।
कर्मचारियों का आरोप है कि बैठकों में उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया जाता है और लक्ष्य पूरा करने के लिए मानसिक दबाव बनाया जाता है। संघ ने महिला कर्मचारियों के साथ अनुचित व्यवहार और कार्यस्थल पर भय का माहौल बनाए जाने की भी शिकायत की है।

स्वास्थ्य मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
CR/APAR खराब करने और FIR की धमकी का आरोप
ज्ञापन में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें CR/APAR खराब करने, नौकरी खत्म करने, FIR दर्ज कराने और निलंबित करने जैसी धमकियां दी जाती हैं। कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह के व्यवहार से कार्यस्थल का माहौल प्रभावित हो रहा है।
संघ ने इन शिकायतों की उच्च स्तरीय जांच कराने और जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों को पद से हटाने की मांग की है।

TOR के विपरीत काम कराने का भी आरोप
कर्मचारी संघ ने NHM के निर्धारित Terms of Reference (TOR) के विपरीत CHO से काम कराने का भी आरोप लगाया है। संघ के मुताबिक, आयुष्मान आरोग्य मंदिर की नियमित सेवाओं को प्रभावित करते हुए CHO को लगातार फील्ड कार्यों में लगाया जा रहा है।
संस्थागत प्रसव सहित अन्य कार्यों को लेकर भी TOR से अलग दबाव बनाए जाने की शिकायत कर्मचारियों ने की है।

स्वास्थ्य मंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद कर्मचारी संघ ने कलेक्टर सह अध्यक्ष, जिला स्वास्थ्य समिति के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें शिकायतों की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच, जांच अवधि में संबंधित अधिकारियों को पद से हटाने और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी ने कहा कि शासकीय कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों का सम्मान और गरिमा सर्वोपरि है। शिकायतों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संघ कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।
CHO संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रफुल्ल पाल ने बताया कि संघ की ओर से कलेक्टर को ज्ञापन सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतों पर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जा सकता है।




