टॉप न्यूज़

बिलासपुर में प्राइवेट स्कूलों ने नहीं ली पुस्तकें:स्कूल प्रबंधन को कलेक्टर की चेतावनी, शो-कॉज नोटिस जारी कर बुलाया, कहा-स्टूडेंट्स को समय पर मिले बुक्स




बिलासपुर में राज्य शासन के पाठ्य पुस्तक निगम की किताबें प्राइवेट स्कूलों में अब तक नहीं पहुंच पाई है। इसकी वजह यह है कि स्कूल प्रबंधन पुस्तक लेने के लिए रूचि नहीं ले रहे हैं। इससे नाराज कलेक्टर ने ऐसे स्कूल प्रबंधकों को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। जिसमें स्कूल संचालकों को नोटिस का जवाब लेकर कलेक्ट्रेट में होने वाली बैठक में बुलाया गया है।
दरअसल, हर सप्ताह होने वाली टीएल की बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विभागीय कार्यक्रमों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान शिक्षा विभाग के अफसरों ने बताया कि जिले के प्राइवेट स्कूल संचालक पाठ्य पुस्तक निगम की किताबें नहीं ले रहे हैं, जिसके कारण बच्चों तक किताबें नहीं पहुंच पाई है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। शासकीय स्कूलों में किताबों और गणवेश वितरण का काम लगभग पूरा हो चुका है, ऐसे में निजी स्कूलों द्वारा सरकारी पाठ्यपुस्तकों का उठाव नहीं करना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने अधिकारियों को स्कूलों की निगरानी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही विशेष बैठक आयोजित कर स्कूल संचालकों को बुलाने के निर्देश भी दिए। कोचिंग संस्थानों की भी होगी लिस्टिंग
कलेक्टर ने जिले में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों की लिस्टिंग और पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी दूसरे क्षेत्रों से बिलासपुर आते हैं। ऐसे में कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा भी प्राथमिकता में है। सभी संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक सुविधाओं और निर्धारित मानकों के पालन की जानकारी एकत्रित की जाए। 47 हजार के लक्ष्य, सिर्फ 6 हजार सोलर प्लांट
पीएम सूर्यघर योजना की धीमी रफ्तार पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। जिले में करीब 47 हजार सोलर प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य है, लेकिन अब तक लगभग 6 हजार प्लांट ही लग पाए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना का बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार करने और पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में सभी प्रमुख विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कलेक्टर ने खेती-किसानी से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की और किसानों को समय पर खाद-बीज सहित आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button