बहनों ने सैनिकों के लिए भेजे 30 हजार रक्षा सूत्र:जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह ने कहा- मातृभूमि का आशीर्वाद पहुंचेगा

![]()
मुंगेली जिले की लोरमी विधानसभा में ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र’ अभियान चलाया गया। इस पहल के तहत, सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए लगभग 30 हजार हस्तनिर्मित राखियां भेजी जा रही हैं। अभियान का नेतृत्व लोरमी जनपद पंचायत अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह ने किया। इस अभियान में स्थानीय स्कूलों की छात्राओं और महिला समूहों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उन्होंने अपने हाथों से करीब 20 हजार राखियां तैयार कीं। इन राखियों में बाजार की चमक-दमक के बजाय देश के जवानों के प्रति बहनों का स्नेह और देशभक्ति का भाव निहित है। बहनों ने इन रक्षा सूत्रों पर जवानों के लिए अपने संदेश भी लिखे हैं। स्थानीय सामग्री का इस्तेमाल कर राखियां हुई तैयार आयोजकों का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल राखियां भेजना नहीं है, बल्कि सरहद पर तैनात सैनिकों को यह एहसास दिलाना है कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। अभियान में प्लास्टिक और चीनी सामग्री से बनी राखियों के बजाय स्थानीय सामग्री का उपयोग कर राखियां तैयार की गई हैं। 30 हजार रक्षा सूत्र सैनिक भाइयों के लिए भेजे जाएंगे लोरमी के साथ-साथ पूरे मुंगेली जिले से लगभग 30 हजार रक्षा सूत्र सैनिक भाइयों के लिए भेजे जाने की बात कही गई है। इन सभी राखियों को सुरक्षित तरीके से पैक करके दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय भेजा जाएगा। पूर्व सैनिक महेंद्र सिंह राणा ने बताया कि इन राखियों में बहनों की भावनाएं हैं, जिन्हें लेकर वे सड़क मार्ग से दिल्ली सेना मुख्यालय जाएंगे। जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह ने कहा कि क्षेत्र की महिलाओं और बहनों ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग किया है। उन्होंने जोर दिया कि यह अभियान लोरमी की बेटियों के हाथों से निकला वह प्रेम है, जो सीधे देश की सीमाओं पर तैनात जवानों तक पहुंचेगा।
Source link




