छत पर देर रात गाना बजाने पर लड़कियां गिरफ्तार:तेज आवाज में कर रहे थे पार्टी, पुलिसकर्मी पहुंचे तो धक्का-मुक्की की,7 गिरफ्तार

![]()
रायपुर के गांधीनगर कालीबाड़ी इलाके में देर रात छत पर तेज आवाज में गाने बजाकर पार्टी करना 7 युवक-युवतियों को भारी पड़ गया। रात करीब 3 बजे तेज साउंड सिस्टम की शिकायत पर पहुंची पुलिस के साथ कथित धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में 3 युवतियों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली थाना पुलिस के मुताबिक, घटना प्रताप तांडी के मकान की छत पर हुई, जहां बर्थडे पार्टी चल रही थी। आसपास के लोगों ने तेज आवाज में गाने बजने और हंगामे की शिकायत पुलिस से की थी। पहले समझाया, फिर दोबारा पहुंची पुलिस पुलिस पहली बार मौके पर पहुंची तो मौजूद लोगों को समझाइश देकर साउंड सिस्टम बंद करा दिया गया। लेकिन कुछ देर बाद फिर उसी जगह से तेज आवाज में गाने बजने की शिकायत मिली। इस पर पुलिस टीम दोबारा मौके पर पहुंची। पुलिस का आरोप है कि दूसरी बार साउंड सिस्टम बंद कराने पर वहां मौजूद युवक-युवतियों ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोट भी आई। 4 युवक और 3 युवतियां गिरफ्तार घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने 4 युवक और 3 युवतियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने दी चेतावनी रायपुर पुलिस ने कहा है कि देर रात सार्वजनिक शांति भंग करना, तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हंगामा करना और पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार या शासकीय कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link




