मेडिकल कॉलेजों में शुरू होंगे पैरामेडिकल कोर्स:दावा- बस्तर में 99% आबादी की हेल्थ स्क्रीनिंग पूरी; सवालों का जवाब नहीं देने पर घिरे जिम्मेदार अधिकारी

![]()
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए कई महत्वपूर्ण फैसलों और आंकड़ों को साझा किया। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर बैन करने का फैसला मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लिया है। उन्होंने दावा किया है कि राज्य सरकार दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में बस्तर में चलाए गए मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस दौरान स्वास्थ्य सचिव पर मीडिया के सवालों का जवाब नहीं देने पर सवाल खड़े किए गए। कार्रवाई और शिकायत पर जवाबदेही के लिए व्यक्ति विशेष की नियुक्ति की मांग भी की गई है। जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने जिम्मदारों से एक्टिव रहने के लिए कहा है। बस्तर में 34.29 लाख लोगों की हेल्थ स्क्रीनिंग स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34.29 लाख से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जो लक्षित आबादी का करीब 99 प्रतिशत है। इस दौरान मलेरिया, टीबी, सिकल सेल, कुष्ठ रोग और मुख कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर इलाज शुरू किया गया। इसके अलावा 60 हजार से अधिक गंभीर मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया, जबकि 10,938 हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी और उपचार सुनिश्चित किया गया। प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेजों में शुरू होंगे पैरामेडिकल कोर्स स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेजों में पैरामेडिकल पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। उनका कहना था कि इससे स्वास्थ्य संस्थानों को प्रशिक्षित तकनीकी और पैरामेडिकल स्टाफ मिलेगा। वहीं युवाओं के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। 1051 स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक पैथोलॉजी जांच सुविधा मंत्री ने कहा, राज्य के 1,051 स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक पैथोलॉजी जांच सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हब एंड स्पोक मॉडल और आईटी आधारित रिपोर्टिंग सिस्टम के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों तक भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। 375 नई 108 एम्बुलेंस, ढाई साल में 6.50 लाख लोगों को मदद आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रदेश में 375 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस संचालित की गई हैं। जनवरी 2024 से जून 2026 के बीच 6.50 लाख से अधिक लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मलेरिया नियंत्रण में बड़ी सफलता का दावा स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रणनीतिक कार्ययोजना और लगातार निगरानी के कारण बस्तर संभाग की मलेरिया पॉजिटिविटी दर 4.60 प्रतिशत से घटकर 0.48 प्रतिशत रह गई है। वहीं प्रदेश का वार्षिक परजीवी सूचकांक (API) 5.21 से घटकर 0.90 तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि राज्य का लक्ष्य मलेरिया से एक भी मौत नहीं होने देना है। 11.89 लाख संस्थागत प्रसव, हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं पर फोकस मंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 11.89 लाख से अधिक संस्थागत प्रसव कराए गए हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की नियमित विशेषज्ञ जांच, हाई-रिस्क गर्भावस्था की पहचान और आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। एनालॉग पनीर पर सख्ती के निर्देश प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने खाद्य सुरक्षा को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए प्रदेश में एनालॉग पनीर के उपयोग और बिक्री पर प्रभावी प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link




