मुंगेरीलाल के हसीन-सपने नहीं, जमीनी हकीकत में रहना चाहिए:धरमलाल कौशिक बोले-मंत्री नहीं बना तो क्या, उससे बड़ा दायित्व विधानसभा-अध्यक्ष का मिला, पार्टी ने बहुत कुछ दिया

![]()
छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में विस्तार और नए मंत्री बनाने को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच भाजपा के सीनियर लीडर व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि “मंत्री बनने के सपने देखने के बजाय जमीनी हकीकत में रहना चाहिए। मुझे मंत्री से भी बड़ा दायित्व विधानसभा अध्यक्ष के रूप में मिला था। पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है और आज भी मैं विधायक व संगठन की जिम्मेदारी निभा रहा हूं।” बिल्हा विधायक कौशिक ने मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने सहित राजनीति से जुड़े सवाल अन्य सवालों पर बेबाकी से जवाब दिया। बिलासपुर प्रेस क्लब में हमर पहुंना कार्यक्रम में पहुंचे कौशिक ने कहा कि व्यक्ति को पद की अपेक्षा संगठन और जनता के प्रति अपने दायित्व को प्राथमिकता देनी चाहिए। कहा- बिल्हा ही नहीं प्रदेश में विकास को मिली नई गति
कौशिक ने कहा कि बिल्हा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने दावा किया कि सड़क, सिंचाई, बिजली, शिक्षा और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में लगातार काम हुए हैं। उन्होंने बताया कि अरपा-भैंसाझार सिंचाई परियोजना अंतिम चरण में है, जिसके पूरा होने पर करीब 67 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। इसके अलावा पथरिया बैराज के लिए 55 करोड़ रुपए और दगौरी क्षेत्र में सिंचाई विस्तार के लिए 70 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। मनियारी परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। 14 साल वकालत करने के बाद शुरू किया राजनीति का सफर
कौशिक ने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए बताया कि सार्वजनिक जीवन में आने से पहले उन्होंने करीब साढ़े 14 वर्ष तक अधिवक्ता के रूप में कार्य किया। इसके बाद संगठन और सरकार में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला। उन्होंने छत्तीसगढ़ गठन के समय बिलासपुर में हाईकोर्ट की स्थापना के लिए किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया। कौशिक ने कहा कि क्षेत्र में 132 केवी, 220 केवी और 400 केवी विद्युत उपकेंद्र, सड़क नेटवर्क, औद्योगिक क्षेत्रों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से विकास को नई दिशा मिली है। मंत्रिमंडल में जगह मिलने पर कहा- मुंगेरी लाल के हसीन सपने नहीं देखना चाहिए
इस दौरान उन्होंने मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने के सवाल पर कहा कि राजनीति में बड़े-बड़े ख्वाब देखते रहते हैं। लेकिन, “मुंगेरीलाल के हसीन सपने में नहीं जाना चाहिए, जमीनी हकीकत में रहना चाहिए। मंत्री से बड़ा दायित्व विधानसभा अध्यक्ष का मिला था प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष जैसे पद दिया था। पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है। अब राजनीतिक गलियारों में उनके इस बयान को भविष्य की संभावनाओं और संगठन के प्रति निष्ठा के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
Source link




