सावन से पहले खारून के पानी पर विवाद:नेता प्रतिपक्ष की अपील- दूषित जल से न करें बाबा हाटकेश्वर नाथ का अभिषेक,घर से लाएं जल

![]()
सावन शुरू होने से पहले रायपुर की खारून में सफाई व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने सवाल उठाए हैं, उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि इस बार महादेव घाट स्थित बाबा हाटकेश्वर नाथ का जलाभिषेक खारून के दूषित पानी से न करें, बल्कि जलाभिषेक के लिए अपने घर से पानी लाएं। महादेव घाट पहुंचकर आकाश तिवारी ने कहा कि रायपुर की जीवनदायिनी खारून नदी में चिंगरी नाले का गंदा पानी लगातार मिल रहा है, जिससे नदी का जल दूषित हो चुका है। ऐसे में श्रद्धालुओं को दूषित पानी से भगवान शिव का अभिषेक नहीं करना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि महादेव घाट मंदिर के प्रमुख पुजारी सुरेश गिरी महाराज ने भी श्रद्धालुओं से दूषित जल के बजाय स्वच्छ जल से अभिषेक करने का आग्रह किया है। ‘एक साल से सिर्फ दौरे हुए, जमीन पर काम नहीं’ विपक्ष का आरोप है कि चिंगरी नाले से खारून नदी में गिरने वाले गंदे पानी को रोकने के लिए पिछले एक साल में केवल निरीक्षण और घोषणाएं हुईं, लेकिन कोई ठोस काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि नाले की स्क्रिनिंग वॉल बनाने, ऊंचाई बढ़ाने और गंदे पानी को एसटीपी तक पहुंचाने की योजनाएं आज भी अधूरी हैं। उनका कहना है कि चेक डैम की दीवार भी अब तक नहीं बढ़ाई गई है, जिससे दूषित पानी लगातार खारून नदी में मिल रहा है। इसके अलावा आसपास के छोटे नालों का गंदा पानी भी सीधे नदी में पहुंच रहा है। ट्रिपल इंजन सरकार पर साधा निशाना आकाश तिवारी ने भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि समय पर एसटीपी और अन्य परियोजनाओं के लिए राशि स्वीकृत कर काम पूरा किया जाता, तो महादेव घाट की यह स्थिति नहीं होती। उन्होंने सवाल उठाया कि रायपुर की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान रही खारून नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए अब तक प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि सावन में हजारों श्रद्धालु खारून के जल से बाबा हाटकेश्वर नाथ का अभिषेक करते हैं। ऐसे में नदी की स्वच्छता सुनिश्चित करना नगर निगम और सरकार की जिम्मेदारी है।
Source link




