NEET Paper Leak Row & PM Effigy Burning

सूरजपुर में दिल्ली में NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को सूरजपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया।
.
भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।प्रदर्शन के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया।

पुतला दहन के दौरान पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने की कोशिश की, जिससे दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई। हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर प्रधानमंत्री का पुतला जलाने में सफल रहे। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

कांग्रेस ने गिरफ्तारी को बताया लोकतंत्र के खिलाफ
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के हित और NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे शीर्ष नेताओं की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उनका कहना था कि छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे पर आवाज उठाने वालों को गिरफ्तार करना केंद्र सरकार की दमनकारी नीति को दर्शाता है।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
जिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह गिरफ्तारी गैर-कानूनी और अमानवीय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी और किसी भी दमन से पीछे नहीं हटेगी। यदि सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

भारी पुलिस बल रहा तैनात
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पूरे कार्यक्रम के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई।




