![]()
दुर्ग जिले में गुरुवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना पुलगांव थाना क्षेत्र के कोनारी चौक के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, चंदखुरी भाटा निवासी प्यारेलाल साहू ( 68) अपने रिश्तेदार गेंदलाल साहू ( 51,निवासी बासिन, गुंडरदेही, बालोद) के साथ सुबह करीब 6 बजे टीवीएस बाइक से ग्राम कोनारी जा रहे थे। दुर्ग-बालोद मुख्य मार्ग पर कोनारी चौक के पास सड़क पार करते समय बालोद की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप (क्रमांक CG 04 QE 1977) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद नाले में जा गिरी बाइक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बोलेरो के साथ घिसटते हुए नाले में जा गिरी और दोनों वाहन आपस में चिपक गए। पुलगांव थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह संधू ने बताया कि प्यारेलाल साहू की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल गेंदलाल साहू को तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां सुबह करीब 9:30 बजे इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलगांव पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बोलेरो चालक तब तक फरार हो चुका था। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। दूसरी घटना में ट्रेन के सामने कूदा युवक इसी बीच, मोहन नगर थाना क्षेत्र के सिकोला रेलवे फाटक पर बुधवार शाम करीब 4 बजे एक अन्य घटना में एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान लल्ला विश्वकर्मा (38) के रूप में हुई है। मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया, युवक ट्रेन के सामने अचानक आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। मोहन नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। नशे की हालत में था मृतक मृतक के बड़े भाई विजय विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि लल्ला विश्वकर्मा शराब का आदी था और पिछले कई दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। 8 अप्रैल को भी वह नशे की हालत में था और इसी दौरान उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
<
