जशपुर जिला अस्पताल से चोरी हुई स्कूटी बरामद, आरोपी गिरफ्तार:पार्किंग में चाबी लगी देख ले उड़ा था वाहन, नंबर मिटाकर पहचान छिपाने की कोशिश

![]()
जशपुर जिला अस्पताल परिसर से दिनदहाड़े चोरी हुई स्कूटी के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की हीरो मैस्ट्रो स्कूटी (CG-10 U 5513) बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया अनिमा लकड़ा (35), जिला अस्पताल में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट हैं। 9 जुलाई को सिटी कोतवाली में वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9:15 बजे उन्होंने अपनी हीरो मैस्ट्रो स्कूटी को जिला अस्पताल स्थित सिटी स्कैन यूनिट के सामने पार्किंग में खड़ा किया था। दोपहर करीब 2:15 बजे जब वह ड्यूटी से लौटीं, तो स्कूटी पार्किंग से गायब मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 218/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार जांच के दौरान 13 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि मिलन चौक के पास एक व्यक्ति चोरी की स्कूटी के साथ घूम रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्राम तमया निवासी जागेश्वर विश्वकर्मा (35) को हिरासत में लिया। पूछताछ में कबूला जुर्म सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अस्पताल परिसर से स्कूटी चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली। चाबी लगी देख आया चोरी का विचार आरोपी ने बताया कि स्कूटी में चाबी लगी हुई थी। इसका फायदा उठाकर वह वाहन लेकर अपने गांव चला गया। पहचान छिपाने के लिए उसने स्कूटी के आगे-पीछे लिखे नंबर भी मिटा दिए थे। बाद में उसी स्कूटी से जशपुर आने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। वाहन पार्क करते समय बरतें सावधानी इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उपनिरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक शोभनाथ सिंह एवं विनोद तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से वाहन पार्क करते समय चाबी निकालने और सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने की अपील भी की है।
Source link




