नेपाल से मंगाई पशुपतिनाथ की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा

भास्कर न्यूज | भैंसों ग्राम भैंसों में 13 जुलाई को नेपाल से विशेष रूप से मंगाई गई भगवान पशुपतिनाथ की प्रतिमा की वैदिक विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा हुई। धार्मिक अनुष्ठान, मंत्रोच्चार, महाआरती से पूरा क्षेत्र शिवमय रहा। आयोजन की पहल सुरेंद्र कश्यप, शशि कश्यप, गगन कश्यप ने की। सनातन परंपरा के अनुसार मूर्ति स्थापना से पहले सभी संस्कार शुद्धता से कराए गए। प्राण-प्रतिष्ठा से पहले कलश यात्रा निकली। इसके बाद मंडप प्रवेश हुआ। पंचांग पूजन हुआ। गणेश पूजन हुआ। नवग्रह पूजन हुआ। हवन हुआ। शुभ मुहूर्त में आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमा में प्राणों का आह्वान कराया गया। इसके बाद रुद्राभिषेक हुआ। महाआरती हुई। विशाल भंडारा हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने कतार में प्रसाद लिया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय पशुपतिनाथ के जयघोष से गूंजता रहा। आयोजन को सफल बनाने में गांव के लोग आगे रहे। व्यवस्था में सुरेंद्र कश्यप, शशि कश्यप, गगन कश्यप, कुंजबिहारी व्यास, देवीप्रसाद दुबे, भागवत प्रसाद थवाईत, सियाराम पटेल, बबला व्यास, पुष्कर व्यास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। ग्रामीणों ने कहा कि नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर की तर्ज पर स्थापित प्रतिमा से क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना बढ़ेगी। सामाजिक एकता मजबूत होगी। आयोजन समिति ने सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार जताया।
Source link




