![]()
.
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला जीपीएम के सभी थानों में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।
थाना परिसर गौरेला में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसपी एसआर भगत ने की। इस कार्यक्रम में कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, नगर पालिका परिषद गौरेला अध्यक्ष मुकेश दुबे सहित अन्य मौजूद रहे। कलेक्टर ने सभी उपस्थित नागरिकों, अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
एक भारत, श्रेष्ठ भारत और राष्ट्र की एकता – हमारी शक्ति जैसे गगनभेदी नारों के साथ लगभग 850 प्रतिभागियों (पुलिस, होमगार्ड जवान और स्कूली छात्र-छात्राएं) ने थाना परिसर गौरेला से रेलवे स्टेशन तक जोश के साथ दौड़ लगाई। दौड़ के समापन पर प्रतिभागियों ने ड्रोन व्यू के लिए स्पाइरल आकार में खड़े होकर एकता का नारा बुलंद किया, जो अत्यंत प्रेरणादायी दृश्य था। थाना पेण्ड्रा परिसर से बस्ती तक थाना प्रभारी रणछोड़ सिंह सेंगर के नेतृत्व में रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ, जिसमें जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह और जनप्रतिनिधि राकेश चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में लगभग 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया। थाना मरवाही क्षेत्र में बरैहा चौक से थाना मरवाही तक आयोजित दौड़ में किशन सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि थे। गौरेला में रन के समापन के बाद पूर्व दिवस आयोजित विद्यालयीन निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन में डीएसपी निकिता तिवारी मिश्रा, डीएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी गौरेला श्याम सिदार का मार्गदर्शन रहा। इन आयोजनों ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को सशक्त रूप से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।
<
