मुंगेली जिले में नेशनल हाईवे 130-ए पर चक्काजाम करने वाले 7 लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। इन आरोपियों ने जवाहर नवोदय विद्यालय, दाबो चौक के सामने मृतक के शव को सड़क पर रखकर लगभग दो घंटे तक आवागमन बाधित किया था।
.
यह घटना 11 सितंबर 2025 को हुई थी। फास्टरपुर-सेतगंगा थाना क्षेत्र के शुक्लाभाठा निवासी हेमप्रसाद साहू की मौत के बाद पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा था।
परिजन शव को मुक्तांजलि वाहन से अपने गांव ले जा रहे थे, तभी उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इस चक्काजाम में करीब 200 लोग शामिल थे, जिससे नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया था।

बिना सूचना के चक्काजाम करने वाले आरोपी।
14 नामजद और लगभग 150 अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज
प्रार्थी की रिपोर्ट पर, फास्टरपुर-सेतगंगा थाने में 21 सितंबर 2025 को 14 नामजद और लगभग 150 अन्य लोगों के खिलाफ अपराध क्रमांक 61/2025, धारा 191(2), 126(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
SP भोजराम पटेल के निर्देश और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में, फास्टरपुर-सेतगंगा पुलिस ने 14 अक्टूबर 2025 को सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में दिलीप साहू (26), भरत साहू (25), शिवप्रसाद साहू (55), हेमंत साहू (25), बिहारी साहू (48), हुन्नर साहू (33) और डोमेश साहू (19) शामिल हैं, जो सभी शुक्लाभाठा के निवासी हैं।
इन सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई क्रमांक 20/25, धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्यपालिक दण्डाधिकारी न्यायालय, मुंगेली में पेश किया गया। पुलिस असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखेगी।
<
