![]()
अंबिकापुर नगर निगम की सामान्य सभा शुक्रवार को निगम के नए भवन में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में महापौर मंजूषा भगत नगर निगम का वार्षिक बजट पेश करेंगी। करीब 6 महीने बाद हो रही इस सामान्य सभा को लेकर विपक्ष पहले ही सवाल उठा चुका है। बैठक के दौरान कई मुद्दों पर हंगामे के आसार हैं। सामान्य सभा में कुल 21 बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। सामान्य सभा में साल 2026-27 का वार्षिक बजट पेश होगा। सामान्य सभा के शुरू होने के साथ ही प्रश्नकाल होगा। इसके बाद महापौर मंजूषा भगत की ओर से पिछले साल का लेखा-जोखा पेश किया गया जाएगा। इसके बाद बजट पेश होगा। छह माह पूर्व आयोजित सामान्य सभा में शहर की सड़कों की दुर्दशा सहित कई मुद्दों को लेकर हंगामा हुआ था। विपक्ष होगा हमलावर, सत्तापक्ष को घेरने की तैयारी सामान्य सभा का आयोजन छह माह बाद किए जाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया था। वित्तीय वर्ष की समाप्त होने के करीब एक माह बाद यह सामान्य सभा आयोजित हो रही है। महापौर मंजूषा भगत ने कहा था कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और पश्चिम बंगाल के चुनाव में ड्यूटी के कारण सामान्य सभा के आयोजन में देरी हुई, हालांकि तैयारी पूरी हो चुकी थी। शहर के विकास कार्यों में सत्तापक्ष की अनदेखी को लेकर भी हंगामें के आसार हैं।
<
