छत्तीसगढ़ के धमतरी में ओडिशा से गांजा तस्करी करते हुए एक आरोपी को 480 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य बाइक सवार फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। बरामद गांजे को बैग में छिपाकर ले जाया जा रहा था।
.
यह कार्रवाई जिले के अंतिम छोर पर स्थित थाना बोराई क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस लगातार वाहनों की कड़ी निगरानी और चेकिंग कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य अवैध गांजा, शराब, धान और अन्य अवैध कारोबारियों पर अंकुश लगाना है।

चेकिंग के दौरान बाइक चालक फरार
इसी चेकिंग के दौरान, बोराई पुलिस ने ओडिशा से बोराई की ओर आ रही एक काले रंग की सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वाहन पर पीछे बैठा व्यक्ति उतर गया, जबकि चालक मोटरसाइकिल को तेज गति से भगाकर मौके से फरार हो गया।
बैग की तलाशी में गांजा बरामद
पीछे बैठे आरोपी की पहचान शिवलाल नेताम (उम्र 30 वर्ष), पिता अमरसिंह नेताम, निवासी तारंगपुरी, थाना कुंदई, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) के रूप में हुई है। उसके बैग की तलाशी लेने पर 480 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 24 हजार रुपये बताई गई है।
नगरी एसडीओपी विपिन रंगारी ने बताया कि थाना बोराई में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी शिवलाल नेताम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स लेकर फरार हुए चालक की तलाश जारी है।
<
