45 किशोरों की टीम ने बांटीं 1500 से ज्यादा किताबें-स्टेशनरी:स्कूल बताएंगे जरूरत, डोनर करेंगे पूरी; इन्हें जोड़ेगा मॉडल ‘VConnect’

![]()
जरूरतमंद बच्चों और सहयोग करने वाले लोगों के बीच पारदर्शी व्यवस्था बनाने वाला बिलासपुर के किशोरों का प्रोजेक्ट ‘VConnect’ राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत हुआ है। जेन-जी टीम ‘VolunTeens’ के इस प्रोजेक्ट ने बेंगलुरु में आयोजित हार्वर्ड मॉडल यूनाइटेड नेशंस इंडिया में ‘इम्पैक्ट इनिशिएटिव’ का खिताब जीता है। अब प्रोजेक्ट के विस्तार के लिए आर्थिक सहायता के साथ हार्वर्ड यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल रिलेशंस काउंसिल की अंतरराष्ट्रीय मेंटरशिप भी मिलेगी। प्रतियोगिता में देशभर के शीर्ष स्कूलों के करीब 1600 छात्रों ने हिस्सा लिया था। चयन के कई चरणों के बाद फाइनल में पहुंची बिलासपुर की टीम का प्रतिनिधित्व द जैन इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा मेहर सलूजा ने किया। जूरी ने जरूरतों की पहचान, सत्यापन और पारदर्शी वितरण पर आधारित VConnect के मॉडल को सबसे प्रभावी मानते हुए विजेता चुना। दो छात्राओं ने शुरुआत की थी, फिर मुहिम से जुड़ते गए बच्चे इस पहल की शुरुआत द जैन इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं मेहर सलूजा और अनुष्का गुरु ने की थी। धीरे-धीरे टीम का विस्तार हुआ और अब 45 से अधिक किशोर इससे जुड़े हैं। टीम बुक ड्राइव और दूसरे अभियानों के माध्यम से अब तक जरूरतमंद बच्चों तक 1500 से अधिक किताबें, स्कूल बैग, स्टेशनरी, कपड़े और खिलौने पहुंचा चुकी है। टीम जरूरतों का सत्यापन करेगी, इच्छुक सहयोगियों को जोड़ेगी मैदानी स्तर पर काम करते हुए टीम ने पाया कि कई लोग मदद करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं मिलती कि किस बच्चे या स्कूल को वास्तव में किस सामग्री की जरूरत है। इसी समस्या के समाधान के लिए VConnect तैयार किया गया है। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म स्कूलों की जरूरतों को डेटा के साथ दर्ज करेगा। इसमें स्पष्ट होगा कि किस कक्षा के कितने बच्चों को किताबें, नोटबुक, बैग, जूते या दूसरी सामग्री चाहिए। VolunTeens की टीम जरूरतों का सत्यापन करेगी और इच्छुक सहयोगियों को उनसे जोड़ेगी। सामग्री पहुंचाने के बाद डोनर को ‘प्रूफ ऑफ डिलीवरी’ भी दिया जाएगा। इससे मदद सही जरूरतमंद तक पहुंचने की पुष्टि हो सकेगी। हार्वर्ड की मेंटरशिप से राष्ट्रीय विस्तार की तैयारी प्रोजेक्ट की संस्थापक मेहर सलूजा ने कहा कि उनका उद्देश्य मदद को केवल दान तक सीमित रखना नहीं है। जिस बच्चे या स्कूल को जिस सामग्री की वास्तविक जरूरत है, सहायता उसी रूप में सीधे वहां पहुंचे। टीम अब हार्वर्ड की मेंटरशिप से डिजिटल प्लेटफॉर्म को मजबूत कर इसे बिलासपुर और छत्तीसगढ़ से बाहर राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की तैयारी कर रही है।
Source link




