भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले में नौतपा से पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। जिले में सूरज के तेवर तीखे होने के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। दोपहर के वक्त सड़कें सूनी हो रही हैं और गर्म हवाओं (लू) के थपेड़ों ने लोगों का घर से निकलना दूभर कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है। पिछले 24 घंटों के दौरान जांजगीर-चांपा का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे रातों में भी बेचैनी बरकरार है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण जिले में हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। अगले 48 घंटे लू का प्रकोप बढ़ेगा, पारा 45 डिग्री को छू सकता है। अगले 5 दिन आसमान साफ रहेगा, बारिश की कोई संभावना नहीं है।
<
