![]()
छत्तीसगढ़ के जशपुर में सरिया के नाम 40 हजार रुपए की ठगी गई है। दो पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी को झारखंड के लोहरदगा से अरेस्ट किया। दो मास्टरमाइंड अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
.
जानकारी के मुताबिक, ग्राम गिरांग के रहने वाले नेल्सन कुजूर (43) ‘अरुण एंड संस’ नाम से सीमेंट-सरिया छड़ की दुकान चलाते हैं। उन्होंने 9 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 5 नवंबर को उनके भाई के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था।
कॉल करने वाले ने खुद को ठेकेदार बताया और महुआ टोली के रहने वाले सत्येंद्र सिंह के घर निर्माण के लिए सरिया गिराने का ऑर्डर दिया। 6 नवंबर को नेल्सन कुजूर ने पिकअप से 1 लाख 90 हजार रुपए के सरिया छड़ महुआ टोली में गिरवा दिए।
सत्येंद्र सिंह ने बताया- 40 हजार पहले ही भेजे जा चुके
जब नेल्सन कुजूर ने सत्येंद्र सिंह से भुगतान की मांग की, तो सत्येंद्र सिंह ने बताया कि 40 हजार रुपए पहले ही फोन पे के जरिए उस व्यक्ति को दिए जा चुके हैं। जिसने उनसे संपर्क किया था। व्यापारी ने जब उस नंबर पर कॉल किया तो मोबाइल बंद मिला।
इसके बाद ठगी का पूरा मामला सामने आया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ठगों ने पहले महुआ टोली के सत्येंद्र सिंह को सस्ती दर पर सरिया दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद उन्होंने गिरांग के व्यापारी नेल्सन कुजूर को कॉल कर सत्येंद्र सिंह के नाम पर सरिया गिराने का ऑर्डर दिया।
सरिया गिरते ही ठगों ने फोन-पे से पैसे उड़ाए
सरिया गिरते ही ठगों ने सत्येंद्र सिंह को फोन कर 40 हजार रुपए फोन-पे पर ले लिए और अपना नंबर बंद कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नेल्सन कुजूर के गिराए गए सरिया को सुरक्षित वापस करा दिया है। तकनीकी टीम ने ठगों की ओर से इस्तेमाल मोबाइल नंबर को ट्रेस किया।
आरोपी अहतास अंसारी गिरफ्तार, दो मास्टरमाइंड फरार
जांच के दौरान एक आरोपी अहतास अंसारी (22), निवासी गाराडीह, थाना केरो, जिला लोहरदगा (झारखंड) का नाम सामने आया। टीम ने झारखंड जाकर उसे हिरासत में लिया और जशपुर लाकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि वह दो अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कई दिनों से जशपुर क्षेत्र में लोगों को ठगी के लिए चिह्नित कर रहा था।
धारा 318(4) के तहत केस दर्ज, तलाश जारी
ये दोनों मुख्य मास्टरमाइंड फिलहाल फरार हैं, जिन्हें पुलिस जल्द पकड़ने का दावा कर रही है। अहतास अंसारी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। उसके फरार दो साथी भी पुलिस राडार पर हैं और उनकी तलाश जारी है। मामले में थाने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज है।
<
