भास्कर न्यूज | कवर्धा शहर में बिजली संकट की एक बड़ी वजह सामने आई है। बिजली सप्लाई के लिए लगे करीब 4 हजार सरकारी खंभों में से आधे से ज्यादा पर निजी केबल कंपनियों ने कब्जा कर लिया है। इससे सप्लाई सिस्टम चरमरा गई है। अव्यवस्थित तरीके से खींचे गए इन केबलों के कारण ट्रिपिंग हो रही है। घंटों बिजली बंद रहने की समस्या बढ़ गई है। स्थिति को गंभीर देखते हुए बिजली कंपनी ने शहर में संचालित 7 निजी केबल कंपनियों को नोटिस जारी किया है। लेकिन इसके बावजूद किसी ने केबल नहीं हटाए। अब बिजली कंपनी ने सख्ती दिखाते हुए सरकारी खंभों पर लगे अवैध केबल काटने की कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर के भीतर 20 से ज्यादा ऐसे स्पॉट चिह्नांकित किए गए हैं, जहां खंभों पर निजी केबल लगाए गए हैं।
<
