![]()
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में निरमा पाउडर की पैकिंग की आड़ में अवैध रूप से जर्दा युक्त गुटखा बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। मंगलवार रात पुलिस ने छापेमारी कर गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद कीं। कार्रवाई के बाद फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। जांच में पता चला कि उत्तर प्रदेश निवासी आरोपी मोहम्मद सानू ने निरमा पाउडर की पैकिंग का काम बताकर 15-20 दिन पहले गोदाम किराए पर लिया था। कुछ समय बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। गोदाम मालिक ने उससे संपर्क करने की कई बार कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसी दौरान गोदाम में संदिग्ध गतिविधियां नजर आने लगीं, जिसके बाद मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के कचांदूर गांव का है। गोदाम का किरायानामा भी कराया तैयार जानकारी के मुताबिक, सुपेला निवासी मोहम्मद मुस्तफा का कचांदूर में एक गोदाम है। करीब 15 से 20 दिन पहले मोहम्मद सानू नामक युवक ने खुद को उत्तर प्रदेश का निवासी बताते हुए यह गोदाम किराए पर लिया था। उसने गोदाम मालिक को बताया था कि यहां निरमा पाउडर की पैकिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए दोनों पक्षों के बीच बाकायदा किरायानामा तैयार किया गया था और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया भी पूरी की गई थी। मोबाइल बंद होने पर बढ़ा शक कुछ दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में किराएदार का मोबाइल बंद आने लगा। गोदाम मालिक ने उससे कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसी दौरान गोदाम के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने लगी। वहीं, परिसर में तैनात गार्ड ने भी मालिक को अंदर कुछ गड़बड़ी होने की आशंका जताई। शक बढ़ने पर मोहम्मद मुस्तफा ने जेवरा सिरसा चौकी पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोदाम मालिक की मौजूदगी में ताला खोलकर जांच शुरू की। रात में पुलिस की छापेमार कार्रवाई पुलिस ने मंगलवार रात छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान गोदाम के अंदर बड़ी मात्रा में जर्दा युक्त गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद की गईं। मौके से मिक्सर मशीन, कटर मशीन समेत कई उपकरण जब्त किए गए। इसके अलावा कई बोरियों में गुटखा बनाने का रॉ मटेरियल भी मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मामले की जानकारी मिलते ही फूड सेफ्टी विभाग और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पूरे परिसर की जांच की और बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की। इसके बाद फैक्ट्री को सील कर दिया गया। फिलहाल जब्त सामान की जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि यहां कब से अवैध रूप से गुटखा बनाया जा रहा था। आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि गोदाम मालिक की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान गुटखा निर्माण से जुड़ा कच्चा माल और पैकिंग सामग्री बरामद हुई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई फूड सेफ्टी विभाग की ओर से की जा रही है। 11 जून को अंडा में भी हुई थी कार्रवाई बता दें कि इससे पहले 11 जून को अंडा थाना पुलिस ने कुथरेल स्थित एक फैक्ट्री में छापेमार कार्रवाई कर जर्दा युक्त गुटखा बनाने के मामले का खुलासा किया था। आरोपी निरमा वाशिंग पाउडर बनाने की आड़ में गुटखा तैयार कर रहे थे। उस कार्रवाई में पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस उस मामले की भी जांच कर रही है। वहीं, करीब 12 दिन बाद दुर्ग जिले में एक और अवैध गुटखा फैक्ट्री का खुलासा होने से हड़कंप मच गया है। इससे साफ है कि जिले में इस तरह के अवैध कारोबार का नेटवर्क लगातार सक्रिय है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है। ………… यह खबर भी पढ़िए… रायपुर में खाद्य विभाग ने 1700KG पनीर किया नष्ट,VIDEO:जांच में सैंपल हुआ फेल, 2025 में 9700 किलो एनालॉग पनीर और नकली खोवा हुआ जब्त रायपुर में मिलावटी पनीर के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भाठागांव की एक डेयरी से जब्त 1700 किलो नकली पनीर को नष्ट किया गया है। रायपुर जिले में मिलावटी मिठाई, पनीर और खोवा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत डेयरी दुकानों और पनीर निर्माण इकाइयों की नियमित जांच की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…
<
