छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में एक हेडमास्टर की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। इन सभी हादसों में वरदान एंबुलेंस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया।
.
पहला हादसा गागरा पुल के पास हुआ, जिसमें कोटगांव निवासी शिक्षक हेमंत नेताम की मौत हो गई। हेमंत नेताम संबलपुर में एक नहवान कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से अपने रिश्तेदार के घर लौट रहे थे।
इस दुर्घटना में उनके साथ बैठी महिला सरिता नेताम, और दूसरी बाइक पर सवार दिलेश्वर कोसले और जामिनी कंवर भी घायल हुए हैं।

गंगरेल डेम के पास बाइक सवार अनियंत्रित होकर पत्थर से टकराया
दूसरा हादसा गंगरेल डेम के शीतला मंदिर के पास हुआ। यहां एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर पत्थर से जा टकराया। इस दुर्घटना में बाइक चालक को चोटें आईं और उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया।
तीसरा हादसा सोरिद पुल के पास हुआ। सोरिद डिपो पारा निवासी एक बुजुर्ग अपने घर जा रहे थे, तभी अंबेडकर चौक से आ रहे एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों सड़क हादसों की सूचना मिलते ही वरदान एंबुलेंस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया।



<
