![]()
जगदलपुर में जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग की तरफ से आयोजित 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को समापन हुआ। 6 से 26 मई तक चले इस शिविर में जिलेभर के 586 बालक-बालिकाओं ने 13 खेल विधाओं में प्रशिक्षण लिया। खिलाड़ियों को खेल तकनीक, फिटनेस, अनुशासन और प्रतियोगी माहौल की विशेष ट्रेनिंग दी गई। समापन समारोह में उत्कृष्ट खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित भी किया गया। 2 सत्रों में चला प्रशिक्षण कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश में आयोजित इस शिविर में सुबह और शाम दो सत्रों में प्रशिक्षण दिया गया। इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में बैडमिंटन, शतरंज, लॉन टेनिस, बास्केटबॉल, कराते, जूडो, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग और एथलेटिक्स की ट्रेनिंग हुई। वहीं धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में आर्चरी और एथलेटिक्स, पंडरीपानी हॉकी प्रशिक्षण केंद्र में हॉकी, पुलिस लाइन में वॉलीबॉल, सिटी ग्राउंड में फुटबॉल, घाटलोहंगा स्कूल में रग्बी और विद्या ज्योति स्कूल में जूडो का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रशिक्षकों ने बच्चों को खेल कौशल के साथ-साथ फिटनेस, टीम भावना और प्रतियोगी खेलों की बारीकियां भी सिखाईं। ये रहे मौजूद समापन समारोह में जिला पंचायत के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सभापति बनवासी मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी, एमआईसी सदस्य संजय विश्वकर्मा, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
<
