भास्कर न्यूज | कवर्धा शहर को एक और नई सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वन विभाग कार्यालय के सामने बने मित्र मिलन चौपाटी, का लोकार्पण किया। इस चौपाटी के शुरू होने से फुटकर व्यापारियों को अब स्थायी व्यवसायिक स्थान मिला। वहीं शहरवासियों को एक ही जगह विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेने की सुविधा प्राप्त होगी। चौपाटी को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया गया है, जिसमें आकर्षक लाइटिंग, रंग-रोगन, पार्किंग, पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल हैं। यह स्थल अब शहर के लोगों के लिए परिवार और मित्रों के साथ समय बिताने का नया केंद्र बनता दिखाई दे रहा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चौपाटी छोटे व्यापारियों के लिए स्थायी आजीविका का साधन बनेगी और सड़क किनारे लगने वाले अतिक्रमण को भी व्यवस्थित करेगी। उन्होंने बताया कि शहर में वीर स्तंभ चौक, शिवाजी चौक, भोजली तालाब पाथवे चौड़ीकरण, हनुमंत वाटिका, ठाकुरदेव चौक से बस स्टैंड मार्ग जैसे कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शिव वाटिका, मेडिकल कॉलेज और नालंदा लाइब्रेरी जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर कार्य जारी है। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि यह चौपाटी वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हुई है। इससे फुटकर व्यापारियों को सुरक्षित स्थान मिला है और शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे। डिप्टी सीएम ने कहा कि भोरमदेव कॉरिडोर और मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं, जो नियमित निरीक्षण कर रही हैं। शहर में स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
<