भास्कर न्यूज | जांजगीर मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम सोनसरी में पड़ोसी विवाद बढ़कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है। सोनसरी निवासी रिटायर्ड लोको पायलट भरत मिश्रा (60) ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर पड़ोसी पक्ष, उनके पुत्र और अन्य लोगों पर तोड़फोड़, मारपीट, धमकी और अवैध निर्माण कराने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार मिश्रा के परिवार की भूमि पर पुश्तैनी मकान है। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 मई को सुबह करीब 10 बजे पड़ोसी पक्ष ने घर के बाहर लगे रैक को नुकसान पहुंचाया और गैस पाइप काट दी, जिससे गैस रिसाव हुआ और आर्थिक नुकसान हुआ। मिश्रा का कहना है कि इस घटना की रिपोर्ट मुलमुला थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने कड़ी कार्रवाई नहीं की। मिश्रा के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच नाली अवरुद्ध करने और निर्माण कार्य को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में लंबित है, फिर भी निर्माण कार्य जारी है। शिकायत में कहा गया है कि 24 मई को आरोपी साथियों के साथ उनके घर की छत पर चढ़े और उनकी पत्नी के साथ दुर्व्यवहार किया। मिश्रा ने जानलेवा हमले के प्रयास का भी आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद लौटते समय आरोपियों ने बीच सड़क पर उन्हें और उनके पुत्र को घेरकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
<
