नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में 20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी केमिस्ट हड़ताल को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने राज्यभर में जरूरी दवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन ने सभी जिलों के अधिकारियों को जीवनरक्षक दवाओं, आपातकालीन स्वास्थ्य उत्पादों और चिकित्सकीय सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश जारी किए हैं।
मरीजों को परेशानी नहीं होने देने के निर्देश
राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल के दौरान मरीजों और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए शासकीय जनऔषधि केंद्रों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, सरकारी अस्पतालों, नर्सिंग होम्स और अन्य दवा वितरण केंद्रों को पर्याप्त मात्रा में दवाओं का स्टॉक रखने कहा गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन से भी अपील की है कि विरोध कार्यक्रम के दौरान जनहित और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन का सहयोग करें।
दवाओं का अनावश्यक संग्रह नहीं करने की अपील
प्रशासन ने आम लोगों से घबराहट में अनावश्यक रूप से दवाओं का संग्रहण नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जिन मरीजों को नियमित दवाओं की आवश्यकता होती है, वे चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आवश्यक दवाएं पहले से लेकर रख सकते हैं।
प्रशासन ने यह भी आश्वस्त किया है कि किसी भी आपात स्थिति में सरकारी अस्पतालों, जनऔषधि केंद्रों और धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स के माध्यम से दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 20 मई को केमिस्ट शॉप रहेंगी बंद, हड़ताल से मरीजों की बढ़ी चिंता; ई-फार्मेसी के खिलाफ उतरे दवा व्यापारी
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बंद
विभिन्न केमिस्ट संगठनों ने ऑनलाइन औषधियों की बिक्री के विरोध में 20 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। संगठनों का कहना है कि ऑनलाइन दवा कारोबार से स्थानीय मेडिकल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी जिले में दवाओं की कमी या स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा जैसी स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
<
