छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत दो युवकों को प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल SPASMO PROXYVON PIUS के साथ गिरफ्तार किया है। जिनके पास से 720 नग कैप्सूल और एक सफेद रंग की स्कूटी (CG-13-AS-4048) बरामद की गई है। मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का
.
एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी ने बताया कि 6 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि ग्राम बिलाई टांगर निवासी राशिद अली (22) और ग्राम प्रेमनगर निवासी लक्की अंसारी (21) स्कूटी में प्रतिबंधित कैप्सूल छिपाकर तिलडेगा चौक के पास बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।

डिक्की से मिली 720 नग प्रतिबंधित कैप्सूल
स्कूटी की तलाशी लेने पर डिक्की में एक प्लास्टिक थैली से 30 पत्तों में 720 नग प्रतिबंधित SPASMO PROXYVON PIUS कैप्सूल बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। औषधि निरीक्षक की पुष्टि के बाद इन कैप्सूल को नशीली और प्रतिबंधित श्रेणी में पाया गया। बरामद कैप्सूल की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 हजार रुपए बताई गई है।

DPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजे गए
प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 22(ग), 27(ए) और 8 के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ हमारी कार्रवाई लगातार जारी है। पत्थलगांव में दो आरोपियों की गिरफ्तारी इसी कड़ी का हिस्सा है। जिले में नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान भविष्य में भी सख्ती से जारी रहेगा।”

<
