बलौदाबाजार जिले में जनगणना 2026 का पहला चरण 1 मई से शुरू होकर 30 मई तक चलेगा। इस दौरान 1861 प्रगणक घर-घर जाकर मकानों और परिवारों की जानकारी जुटाएंगे। सर्वे पूरी तरह मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल तरीके से किया जाएगा।
.
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुधवार को अधिकारियों की बैठक लेकर जनगणना कार्य समय पर और बिना गलती पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी तय समय सीमा में जिम्मेदारी से काम करें।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों की बैठक लेकर जनगणना कार्य समय पर और बिना गलती पूरा करने के निर्देश दिए।
जिले में सर्वे के लिए कुल 1978 हाउसलिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए
जिले में सर्वे के लिए कुल 1978 हाउसलिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। हर ब्लॉक में करीब 150 से 180 मकान शामिल किए गए हैं। निगरानी के लिए 309 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। जिले की 9 तहसील और 8 नगरीय निकायों को मिलाकर कुल 17 चार्ज क्षेत्र बनाए गए हैं। तहसीलदार और नगर पालिका अधिकारी इसकी जिम्मेदारी संभालेंगे।
कलेक्टर ने सभी प्रगणकों को 30 अप्रैल तक मोबाइल ऐप में लॉगिन करने को कहा है, ताकि तकनीकी दिक्कतें पहले ही दूर की जा सकें। साथ ही हर क्षेत्र में कंट्रोल रूम बनाकर काम की निगरानी की जाएगी।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जनगणना टीम जब घर पहुंचे तो सही जानकारी दें और सहयोग करें। अधिकारियों ने बताया कि प्रगणक और सुपरवाइजर पहचान पत्र के साथ ही घर-घर जाएंगे।
सबसे अहम बात यह है कि जनगणना के दौरान आधार कार्ड, पैन कार्ड या बैंक खाते की जानकारी नहीं ली जाएगी। सिर्फ मकान और परिवार से जुड़ी सामान्य जानकारी दर्ज की जाएगी।
लोगों की दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी:प्रशासन
कलेक्टर ने जिलेवासियों से जनगणना के लिए आने वाले प्रगणकों को बेझिझक सही-सही जानकारी देने की अपील की है। प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि लोगों की दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी।
इसका उपयोग किसी योजना में पात्रता तय करने के लिए नहीं होगा। जनगणना के आंकड़े सरकारी योजनाओं, संसाधनों के बंटवारे और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन जैसे कामों में उपयोग किए जाते हैं।
इस बार पोर्टल पर खुद से भरी गई जानकारी का भी सत्यापन किया जाएगा। सर्वे के बाद आंकड़ों की कई स्तर पर जांच होगी, ताकि कोई गलती न रहे।
<
