जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम तागा स्थित धान खरीदी केंद्र में अवैध रूप से लाए गए 113.60 क्विंटल धान और एक माजदा वाहन को जब्त किया गया है। यह कार्रवाई एक बिचौलिए से की गई, जिसने किसान राजेश कौशिक के नाम पर जारी टोकन का उपयोग करने का प्रयास किया था।
.
जानकारी के अनुसार, ग्राम तागा के किसान राजेश कुमार कौशिक के नाम पर 2 दिसंबर 2025 को टोकन जारी किया गया था, जिसके तहत 11 दिसंबर 2025 को धान की तौल होनी थी। इसी दिन एक माजदा वाहन चालक 113.60 क्विंटल धान लेकर खरीदी केंद्र पहुंचा था।

खरीदी केंद्रों पर लगातार जांच जारी
धान खपाने की सूचना मिलने पर मंडी निरीक्षक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान ड्राइवर ने बताया कि वह धान नवागढ़ क्षेत्र से लाया था और उसे बेचने से पहले ही पकड़ लिया गया।
इसके बाद, धान से भरी माजदा वाहन को जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन किसानों की सहूलियत के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशों पर सभी धान खरीदी केंद्रों पर लगातार जांच की जा रही है ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

<
