![]()
दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में होली के दौरान हुए एक विवाद में हत्या के प्रयास के फरार मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब दो महीने से फरार चल रहे आरोपी मनोहर टंडन को मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी ने पूछताछ में युवक पर ईंट से हमला करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना 4 मार्च को हुई थी। नंदन कुमार साव अपने दोस्तों के साथ राजीव नगर जैतखाम के पास होली खेल रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के अमन मारकण्डेय और मनोहर टंडन वहां पहुंचे। खड़े होने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोपियों ने युवक के सिर पर ईंट से हमला किया था विवाद जल्द ही बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए नंदन के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद वैशाली नगर थाना पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। विवेचना के दौरान आरोपी अमन मारकण्डेय और कली उर्फ कली बाई को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था। हालांकि, मुख्य आरोपी मनोहर टंडन लगातार फरार चल रहा था। इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी मनोहर टंडन अपने ठिकाने पर पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ईंट भी जब्त कर ली है। मामूली बात ने लिया हिंसक रूप पुलिस जांच में सामने आया है कि होली खेलने के दौरान केवल खड़े होने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। मामूली कहासुनी ने युवक की जान पर बन आई और मामला हत्या के प्रयास तक पहुंच गया।
<
