![]()
रायपुर के राजातालाब इलाके में नूरानी चौक के पास अधिवक्ता रमीजुद्दीन पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था। इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रमीजुद्दीन ने इलाके में आरोपियों को सड़क किनारे शराब पीने से मना किया था। इसी बात से नाराज आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर अधिवक्ता पर चाकू और हाथ-मुक्कों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के नाम मोहम्मद फजल खान उर्फ मुजीब (35), मोहम्मद सरताज शरीफ उर्फ ताज (36), फैजान हुसैन (29), अब्दुल कलाम उर्फ राजा (40) है। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, 8 मई 2026 को इस घटना की रिपोर्ट रमीजुद्दीन के भाई जियाउद्दीन ने थाना सिविल लाइन में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पड़ोस में रहने वाले फजल खान और उसके साथियों ने मिलकर हमला किया था। जियाउद्दीन ने रिपोर्ट में बताया कि भाई रमीजुद्दीन ने आरोपियों को सड़क किनारे शराब पीने से मना किया था। इस बात से वो लोग नाराज हो गए और वहीं झगड़ा शुरू कर दिया। फिर सभी ने मिलकर रमीजुद्दीन पर चाकू से वार करने के साथ-साथ हाथ-मुक्कों से भी मारपीट की, जिससे भाई के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ा इसके बाद एसीसीयू, थाना सिविल लाइन और तेलीबांधा की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने ओडिशा, महाराष्ट्र सहित अन्य जिलों में लगातार छापेमारी की और तकनीकी जांच के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। इसके बाद सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
<
